Sacred Games में नजर आईं अभिनेत्री Rajshri Deshpande ने हाल ही में अपने स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर जानकारी साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि उन्हें ग्रेड 1 का ब्रेस्ट कैंसर हुआ था और इस कारण उनकी सर्जरी करवाई जा चुकी है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड और वेब सीरीज की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस राजश्री देशपांडे ने हाल ही में अपने फैंस के साथ एक दुखद लेकिन उम्मीद भरी खबर साझा की है। उन्हें ग्रेड 1 ब्रेस्ट कैंसर (infiltrating ductal carcinoma, NOS) का पता चला था, जिसकी सर्जरी हो चुकी है। फिलहाल वह अस्पताल में रिकवर कर रही हैं और हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने स्वास्थ्य और सर्जरी के अनुभव को साझा किया।
राजश्री देशपांडे का खुलासा
राजश्री ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “जब आप यह पढ़ रहे हैं, तो इसका मतलब है कि मैंने अपने पैरेंट्स को यह बताने की हिम्मत जुटा ली है कि मुझे इनफिल्ट्रेटिंग डक्टल कार्सिनोमा (NOS), ग्रेड 1 ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है। शुक्र है कि रेगुलर चेकअप में ही इसका पता चल गया, जिससे हमें समय रहते इस बीमारी से लड़ने का मौका मिला।”
उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, “ढेरों टेस्ट और सर्जरी किसी रोलरकोस्टर राइड की तरह थे। लेकिन अपनी आई और पापा के चेहरे देखकर मेरा डर पिघल गया और अटूट ताकत में बदल गया। आपके प्यार और समर्थन ने मुझे इस कठिन दौर से बाहर निकालने में मदद की। सर्जरी के लिए उन्होंने डॉ. मंदार नाडकर्णी का धन्यवाद किया और उनकी विशेषज्ञता और देखभाल की सराहना की। राजश्री ने लिखा कि उनका प्यार ही उनकी सबसे बड़ी दवा है और जल्द ही वह पूरी तरह से ठीक होकर घर लौट जाएंगी।

राजश्री देशपांडे का करियर और लोकप्रियता
राजश्री देशपांडे ने वेब और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान 'सेक्रेड गेम्स' और 'ट्रायल बाय फायर' जैसी वेब सीरीज से मिली। साल 2023 में उन्होंने 'बेस्ट एक्ट्रेस इन ड्रामा सीरीज' का फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड भी जीता। उनके करियर की शुरुआत साल 2015 में आई फिल्म 'एंग्री इंडियन गॉडेसेस' से हुई। इसके बाद वह 'मॉम', 'द स्काई इज पिंक', 'जोरम' जैसी फिल्मों में नजर आईं। हाल ही में वह मणिरत्नम की फिल्म 'ठग लाइफ' (2025) में भी दिखाई दीं।
राजश्री का अंदाज, एक्टिंग स्किल और सोशल मीडिया पर सक्रियता उन्हें युवाओं और फैंस के बीच बेहद लोकप्रिय बनाती हैं। उनके वेब और फिल्म प्रोजेक्ट्स ने उन्हें OTT प्लेटफॉर्म्स पर भी खास जगह दिलाई। राजश्री ने अपने पोस्ट के जरिए कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने की कोशिश भी की। उन्होंने लिखा कि रेगुलर चेकअप और समय पर इलाज बहुत महत्वपूर्ण हैं। उनका अनुभव यह दिखाता है कि शुरुआती जांच और सही उपचार से कैंसर को मात दी जा सकती है।












