शराब के नशे और तेज रफ्तार का खामियाजा जयपुर में एक युवक की जान लेकर सामने आया। नई ऑडी कार से किया गया यह हादसा लापरवाह ड्राइविंग की गंभीरता को दिखाता है, जिसमें कई निर्दोष लोग घायल हुए।
Rajasthan: पुलिस जांच में सामने आया है कि ऑडी कार चला रहा युवक दिनेश रणवा (32) अपने दोस्तों के साथ पहले शराब पार्टी कर रहा था। यह पार्टी जयपुर के सी-स्कीम इलाके में हुई, जहां दिनेश अपनी स्कॉर्पियो कार से दोस्तों के साथ मौजूद था। पार्टी के दौरान दोस्तों ने उसे हाल ही में खरीदी गई नई ऑडी कार के लिए बधाई दी।
शराब पीने के बाद दिनेश ने दोस्तों को नई ऑडी में राइड कराने की जिद की। रात करीब 9 बजे वह सभी को लेकर पत्रकार कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचा। वहां स्कॉर्पियो खड़ी कर उसने ऑडी निकाली और दोस्तों के साथ बाहर निकल गया।
दोस्तों के मना करने पर भी नहीं रोकी स्पीड
ऑडी कार में दिनेश और मांगीलाल आगे की सीट पर बैठे थे, जबकि पप्पू चौधरी और पुलिस कॉन्स्टेबल मुकेश पीछे बैठे थे। कार को वंदे मातरम रोड पर लाते ही दिनेश ने तेज रफ्तार में दौड़ाना शुरू कर दिया। वह कार की स्पीड और पिकअप दिखाने की कोशिश कर रहा था।
पीछे बैठे पप्पू चौधरी ने सड़क पर भीड़ देखकर डर जताया और कार रोकने के लिए कहा, लेकिन दिनेश ने उसकी बात अनसुनी कर दी। रास्ते में दिनेश ने दोबारा शराब भी पी, जबकि उसके साथियों ने उसे मना किया था।
डिवाइडर से टकराकर फूड स्टॉल में घुसी कार

रात करीब 9:21 बजे ऑडी कार खरबास चौराहे के पास तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे फूड स्टॉल्स में घुस गई। उस समय कई लोग ठेलों पर खड़े होकर खाना खा रहे थे।
इस दर्दनाक हादसे में 16 लोग चपेट में आ गए। मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद आरोपी फरार
हादसे के तुरंत बाद दिनेश और उसका साथी मांगीलाल कार से उतरकर मौके से भाग निकले। पीछे बैठे पप्पू चौधरी और कॉन्स्टेबल मुकेश घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
दिनेश हादसे के बाद अपने घर पहुंचा और दूसरी गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
10 दिन पहले ही खरीदी थी ऑडी कार
पुलिस के अनुसार, दिनेश ने यह ऑडी कार महज 10 दिन पहले ही खरीदी थी। यह गाड़ी दिल्ली के एक ट्रस्ट से ट्रांसफर कराई गई थी। कार की जांच में किसी भी तरह का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
दिनेश पेशे से सोलर पैनल लगाने का काम करता है और मूल रूप से चूरू जिले का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।













