मिस इंडिया (Miss India) का खिताब जीतना हर मॉडल और युवा लड़की का सपना होता है। इसके लिए वर्षों की मेहनत, आत्मविश्वास और शानदार प्रेज़ेंटेशन की आवश्यकता होती है। लेकिन इस मंच पर केवल सुंदरता ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और आत्मविश्वास भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
एंटरटेनमेंट: दिल्ली की मशहूर सरोजनी नगर मार्केट जहां आमतौर पर लोग सस्ते और ट्रेंडी कपड़ों की खरीदारी करते हैं, वहीँ से जुड़ा एक किस्सा बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा सुष्मिता सेन के करियर का बेहद खास हिस्सा है। सुष्मिता सेन ने एक शो के दौरान खुद खुलासा किया था कि साल 1994 में जब उन्होंने मिस इंडिया का खिताब जीता था, उस दौरान उन्होंने जो ड्रेस पहनी थी, वह दिल्ली के सरोजनी नगर मार्केट से खरीदी गई थी। यही नहीं, उसी साल उन्होंने आगे चलकर मिस यूनिवर्स का ताज भी अपने नाम किया और भारत का मान बढ़ाया।
सरोजिनी नगर की सस्ती ड्रेस बनी मिस इंडिया
साल 1994 में सुष्मिता सेन ने मिस इंडिया का ताज अपने नाम किया और इसके बाद मिस यूनिवर्स बनकर भारत का मान बढ़ाया। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि उस ऐतिहासिक पल में उन्होंने जो गाउन पहना था, वह दिल्ली की मशहूर सरोजिनी नगर मार्केट से खरीदे गए कपड़े से बना था। सुष्मिता सेन ने खुद इस राज़ का खुलासा फारूख शेख के लोकप्रिय टीवी शो "जीना इसी का नाम है" में किया था।
उन्होंने बताया कि उस समय उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मज़बूत नहीं थी कि वे डिजाइनर कपड़े खरीद सकें। प्रतियोगिता के लिए चार आउटफिट्स की ज़रूरत थी, लेकिन बजट बेहद सीमित था।
सुष्मिता सेन का मिडिल क्लास स्ट्रगल
सुष्मिता सेन ने शो में कहा था, उस समय मेरे पास डिजाइनर कपड़े खरीदने और स्टेज पर पहनने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। हम एक मिडिल क्लास फैमिली से थे और अपनी लिमिट्स को अच्छी तरह जानते थे। ऐसे में उनकी मां ने उन्हें समझाया कि लोग मंच पर उन्हें देखने आएंगे, न कि केवल उनकी ड्रेस को। यह बात सुष्मिता के दिल को छू गई। इसके बाद वे मां के साथ दिल्ली की सरोजिनी नगर मार्केट गईं और वहां से सस्ता कपड़ा खरीदा।
यह कहानी यहीं खत्म नहीं होती। सुष्मिता सेन ने बताया कि उनके घर के नीचे गैराज में बैठने वाला एक साधारण दर्जी, जो पेटीकोट सिलने के लिए जाना जाता था, उसने उस कपड़े से गाउन तैयार किया। उन्होंने हंसते हुए कहा , हमने दर्जी भैया से कहा कि देखो, यह गाउन टीवी पर आने वाला है, इसे अच्छा बना देना। और वही गाउन उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा विनिंग आउटफिट साबित हुआ।
मिस इंडिया से मिस यूनिवर्स तक का सफर
सरोजिनी नगर से खरीदी गई ड्रेस पहनकर मिस इंडिया जीतने के बाद सुष्मिता सेन ने उसी आत्मविश्वास और व्यक्तित्व के दम पर मिस यूनिवर्स का खिताब भी अपने नाम किया। उन्होंने यह साबित कर दिया कि असली खूबसूरती आत्मविश्वास और दिमाग से आती है, न कि केवल महंगे कपड़ों से। यह उपलब्धि भारत के लिए ऐतिहासिक पल था और आज भी सुष्मिता सेन का नाम विश्व स्तर पर गर्व से लिया जाता है।
एक समय सरोजिनी नगर की ड्रेस पहनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकने वाली सुष्मिता सेन आज करोड़ों की मालकिन हैं। GQ की रिपोर्ट के अनुसार उनकी कुल नेटवर्थ लगभग 100 करोड़ रुपये आंकी जाती है। उन्होंने बॉलीवुड की कई हिट फिल्मों में काम किया है। वे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर वेब सीरीज़ "आर्या" से भी अपनी दूसरी पारी में बेहद सफल रही हैं।
सुष्मिता सेन एक स्वतंत्र महिला और दो बेटियों की सिंगल मदर हैं, जो अपने स्ट्रॉन्ग पर्सनैलिटी और प्रेरणादायक जीवन से लाखों लोगों को प्रेरित करती हैं। सुष्मिता सेन की यह कहानी हर उस इंसान के लिए प्रेरणा है जो मानता है कि बड़े सपनों को पूरा करने के लिए केवल पैसे की ज़रूरत होती है। उन्होंने यह साबित किया कि आत्मविश्वास, मेहनत और सही सोच से कोई भी बाधा पार की जा सकती है।