नेपाल क्रिकेट ने भारत और श्रीलंका में होने जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम की सबसे बड़ी खासियत है युवा बल्लेबाज रोहित पौडेल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपा जाना।
Nepal Team For T20 World Cup 2026: क्रिकेट नेपाल ने अगले महीने भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान रोहित पोडेल को सौंपी गई है, जबकि दीपेंद्र सिंह ऐरी को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में आईपीएल फेम स्पिनर संदीप लामिछाने को भी शामिल किया गया है, जिन्हें नेपाल का स्टार और सबसे चर्चित क्रिकेटर माना जाता है। ये तीनों खिलाड़ी नेपाल के सबसे अमीर क्रिकेटरों में भी शुमार हैं।
नेपाल की टीम में इस बार स्पिनर्स, ऑलराउंडर्स और बल्लेबाजों का संतुलित मिश्रण रखने की कोशिश की गई है। हालांकि टी20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम का प्रदर्शन खास नहीं रहा था, लेकिन इस बार क्रिकेट नेपाल को अपनी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है और उसने सुपर-8 स्टेज तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया है।
भारत से गहरा नाता रखते हैं रोहित पौडेल
रोहित पौडेल का नाम भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए भी खास है, क्योंकि उनका भारत से गहरा रिश्ता जुड़ा हुआ है। उनके पिता कुमार पौडेल भारतीय सेना (Indian Army) में जवान रह चुके हैं। सेना में सेवा के दौरान ही उन्होंने अपने बेटे में क्रिकेटर बनने का सपना देखा और बचपन से ही रोहित को इस खेल के लिए प्रेरित किया।
रोहित पश्चिमी नेपाल के पौडेल (पौडयाल) समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। यह समुदाय ऐतिहासिक रूप से भारत के उत्तराखंड राज्य के पौड़ी क्षेत्र से जुड़ा माना जाता है। इसी वजह से रोहित को भारत-नेपाल क्रिकेट संबंधों का एक मजबूत प्रतीक भी कहा जाता है।

सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर आए थे चर्चा में
रोहित पौडेल पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तब सुर्खियों में आए, जब उन्होंने 2019 में सचिन तेंदुलकर का 29 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। दुबई में यूएई के खिलाफ वनडे मैच में रोहित ने महज 16 साल 146 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़ दिया। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बने।
इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 16 साल 213 दिन की उम्र में फिफ्टी बनाई थी। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी का रिकॉर्ड अब भी सचिन के नाम ही दर्ज है।
नेपाल की टीम
रोहित पोडेल (कप्तान), दीपेंद्र सिंह ऐरी (उपकप्तान), संदीप लामिछाने, कुशल भुरतेल, आसिफ शेख, संदीप जोरा, आरिफ शेख, बशीर अहमद, सोमपाल कामी, करन केसी, नंदन यादव, गुलशन झा, ललित राजबंशी, शेर मल्ला और लोकेश बाम।











