करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश की जोड़ी इन दिनों लाफ्टर शेफ सीजन 3 में खूब सुर्खियां बटोर रही है। दोनों की शानदार बॉन्डिंग, एक-दूसरे के साथ केमिस्ट्री और मस्ती-भरी नोकझोंक को फैंस बेहद पसंद कर रहे हैं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: टीवी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल्स में शुमार करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश एक बार फिर सुर्खियों में हैं। आमतौर पर अपनी क्यूट बॉन्डिंग, मस्ती और मजबूत केमिस्ट्री के लिए पसंद किए जाने वाले इस कपल को हाल ही में रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ सीजन 3’ के सेट पर एक अलग ही अंदाज़ में देखा गया। इस बार वजह बनी करण कुंद्रा का तेजस्वी पर गुस्सा, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को चौंका दिया।
सेट पर क्या हुआ?
‘लाफ्टर शेफ 3’ में करण और तेजस्वी की जोड़ी दर्शकों की फेवरेट मानी जाती है। दोनों के बीच की नोकझोंक और मजाकिया तकरार अक्सर शो का आकर्षण रहती है। लेकिन हाल ही में शो के एक सीन के दौरान करण कुंद्रा तेजस्वी प्रकाश पर काफी नाराज़ नजर आए। करण ने मजाकिया लहजे से शुरू करते हुए अचानक तेजस्वी को लेकर कुछ ऐसी बातें कह दीं, जिनसे माहौल गंभीर हो गया।
करण को यह कहते हुए सुना गया कि, इतना मुंह बनाती रहती है, खाना भी बना लिया कर। पंजाब की बहू कहलाती है, लेकिन खाना बनाना ही नहीं आता। इतना ही नहीं, करण ने मजाक में तेजस्वी को अपना “सातवां-आठवां प्यार” भी कह दिया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

तेजस्वी हुईं इमोशनल
करण की इन बातों से तेजस्वी प्रकाश पूरी तरह असहज नजर आईं। उनके चेहरे के हाव-भाव साफ बता रहे थे कि वह यह सब सुनने के लिए तैयार नहीं थीं। कुछ ही पलों में तेजस्वी की आंखें नम हो गईं और वह खुद को संभाल नहीं पाईं। सेट पर मौजूद बाकी कंटेस्टेंट्स, खासकर ईशा मालवीय और ईशा सिंह, भी करण की बातों से चौंक गईं और तेजस्वी से सवाल पूछने लगीं। दर्शकों के लिए यह पल काफी भावुक था, क्योंकि तेजस्वी को आमतौर पर मजबूत और खुशमिजाज अंदाज़ में देखा जाता है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई कि आखिर करण कुंद्रा का यह व्यवहार असली था या शो के लिए रचा गया एक प्रैंक। फिलहाल मेकर्स या कपल की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कुछ फैंस का मानना है कि यह सब शो की स्क्रिप्ट या मजाक का हिस्सा था, जबकि कई लोगों को लगा कि करण का लहजा इस बार कुछ ज्यादा ही सख्त था। इसी वजह से तेजस्वी भावुक हो गईं।











