‘टॉक्सिक’ की डायरेक्टर गीतू मोहनदास: बाल कलाकार से अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता तक का सफर

‘टॉक्सिक’ की डायरेक्टर गीतू मोहनदास: बाल कलाकार से अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता तक का सफर

पूर्व मलयालम एक्ट्रेस और जानी-मानी फिल्म निर्माता गीतू मोहनदास फिल्म 'टॉक्सिक' के टीजर रिलीज के बाद से चर्चा में हैं। इस फिल्म का टीजर कन्नड़ सुपरस्टार यश के साथ 8 जनवरी 2024 को यश के जन्मदिन के मौके पर जारी किया गया था।

एंटरटेनमेंट: कन्नड़ सुपरस्टार यश अभिनीत फिल्म ‘टॉक्सिक’ का टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है। इस फिल्म के निर्देशक गीतू मोहनदास चर्चा का विषय बन गए हैं। टीज़र की शुरुआत एक बेहद इंटेंस सीन से होती है, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया है। यश के जन्मदिन, 8 जनवरी 2024 को रिलीज हुआ यह टीज़र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और अब लोग फिल्म के साथ-साथ निर्देशक गीतू मोहनदास के बारे में भी जानने के लिए उत्सुक हैं।

गीतू मोहनदास: बाल कलाकार से निर्देशक तक

गीतू मोहनदास का जन्म केरल में मोहनदास और उनकी पत्नी लता के घर हुआ था। जन्म के समय उनका नाम गायत्री दास रखा गया। उन्होंने भारत, मलेशिया और कनाडा में शिक्षा प्राप्त की। बाल कलाकार के रूप में उनका करियर 1986 में मोहनलाल के साथ फिल्म ‘ओन्नू मुथल पूज्यम वारे’ से शुरू हुआ, जब उनकी उम्र केवल 5 साल थी। पहले ही अभिनय में उन्होंने दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ चाइल्ड आर्टिस्ट केरल राज्य फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया।

बाल कलाकार के रूप में गीतू ने सयम संध्या, वींडम, रारेराम और ब्लॉकबस्टर फिल्म एन बोम्मुकुट्टी अम्मावुक्कू जैसी कई फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने 2000 में मोहनलाल के साथ फिल्म ‘लाइफ इज ब्यूटीफुल’ में अभिनय किया। उनके अभिनय करियर में ‘अकाले’ फिल्म ने विशेष स्थान बनाया, जिसके लिए उन्हें केरल राज्य फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर अवार्ड फॉर बेस्ट मलयालम एक्ट्रेस भी मिला।

निर्देशन में कदम: अंतरराष्ट्रीय पहचान

2009 में अपनी आखिरी फिल्म ‘नम्मल थम्मिल’ के बाद गीतू मोहनदास ने निर्देशन की ओर रुख किया। उनके निर्देशन की शुरुआत मलयालम शॉर्ट फिल्म ‘केल्कुन्नुंडो’ से हुई, जिसका प्रीमियर रॉटरडैम अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में हुआ। इस शॉर्ट फिल्म को तीन अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।2013 में उन्होंने अपनी पहली फीचर फिल्म ‘लायर्स डाइस’ का निर्देशन किया, जिसे दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले। 

इस फिल्म को 87वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म के लिए भारत की ओर से ऑफिशियल एंट्री भी मिली। यह सफलता गीतू को एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता के रूप में स्थापित करने में मददगार साबित हुई। ‘टॉक्सिक’ फिल्म का टीज़र रिलीज होने के बाद यश के फैंस और फिल्म प्रेमी फिल्म की कहानी को लेकर उत्साहित हैं। टीज़र में यश का शानदार और आकर्षक अंदाज दर्शकों को काफी प्रभावित कर रहा है। फिल्म निर्माता गीतू मोहनदास की निर्देशन शैली और इंटेंस सीन ने दर्शकों में जिज्ञासा बढ़ा दी है।

गीतू मोहनदास ने हमेशा गहरी, संवेदनशील और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्में बनाई हैं। उनका अनुभव और प्रतिभा इस फिल्म में भी देखने को मिल रही है। यश के साथ उनका यह प्रोजेक्ट दर्शकों और आलोचकों के लिए रोमांचक साबित होने वाला है।

Leave a comment