Columbus

Toyota Land Cruiser FJ जापान में हुई पेश, जानें भारत में कब होगी लॉन्च?

Toyota Land Cruiser FJ जापान में हुई पेश, जानें भारत में कब होगी लॉन्च?

टोयोटा ने जापान मोबिलिटी शो 2025 में नई Land Cruiser FJ पेश की है, जो मशहूर लैंड क्रूजर का छोटा और किफायती ऑफ-रोड वर्जन है। यह SUV आकार में फॉर्च्यूनर से छोटी लेकिन ऊंची है। इसमें 2.7 लीटर पेट्रोल इंजन, 4WD सिस्टम और एडवांस सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसका लॉन्च जापान में 2026 के मध्य में होगा।

Land Cruiser FJ: टोयोटा मोटर कॉर्पोरेशन ने जापान मोबिलिटी शो 2025 में अपनी नई कॉम्पैक्ट ऑफ-रोड SUV Land Cruiser FJ का ग्लोबल डेब्यू किया। यह लैंड क्रूजर सीरीज की DNA को छोटे और ज्यादा किफायती पैकेज में पेश करती है। SUV की लंबाई 4,575 मिमी और ऊंचाई 1,960 मिमी है, जो फॉर्च्यूनर से छोटी लेकिन ऊंची बनाती है। इसमें 2.7 लीटर पेट्रोल इंजन, 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और 4WD सिस्टम दिया गया है। FJ को 2026 के मध्य में जापान में लॉन्च किया जाएगा और बाद में अन्य बाजारों में उतारा जाएगा।

कॉम्पैक्ट साइज में दमदार SUV

टोयोटा लैंड क्रूजर FJ की लंबाई 4,575 मिमी, चौड़ाई 1,855 मिमी और ऊंचाई 1,960 मिमी रखी गई है। यानी यह फॉर्च्यूनर से थोड़ी छोटी लेकिन ऊंची है। इसकी चौड़ाई लगभग फॉर्च्यूनर जितनी ही है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,580 मिमी है। इससे यह और भी कॉम्पैक्ट और ऑफ-रोडिंग के लिए उपयुक्त बनती है। कंपनी ने इसे उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है जो शहर और पहाड़ी दोनों तरह की सड़कों पर एक भरोसेमंद SUV चलाना चाहते हैं।

रेट्रो और मॉडर्न डिजाइन का शानदार मेल

लैंड क्रूजर FJ का डिजाइन देखते ही लोग पुरानी यादों में खो जाते हैं। कंपनी ने इसमें क्लासिक FJ40 मॉडल की झलक को आधुनिक अंदाज में पेश किया है। SUV के दो अलग-अलग फ्रंट डिजाइन दिए गए हैं। एक वेरिएंट में गोल हेडलैम्प्स हैं, जो पुराने FJ मॉडल की याद दिलाते हैं। वहीं दूसरे वेरिएंट में C-शेप एलईडी हेडलाइट्स दी गई हैं जो इसे मॉडर्न लुक देती हैं। ग्रिल पर बड़े अक्षरों में ‘TOYOTA’ लिखा हुआ है और इसके साथ मजबूत बंपर इसे रग्ड लुक प्रदान करते हैं।

बॉडी पर चौड़े व्हील आर्च और ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस इसे सच्चा ऑफ-रोडर बनाते हैं। पिछले हिस्से में वर्टिकल टेललैंप्स और स्टेपनी माउंटेड रियर डोर दिया गया है। यह डिजाइन भाषा क्लासिक और मॉडर्न दोनों का बेहतरीन मिश्रण है।

केबिन में मजबूती और आधुनिकता का संगम

लैंड क्रूजर FJ का इंटीरियर इसके बाहरी लुक जितना ही दमदार और प्रैक्टिकल है। इसमें मजबूत स्टेयरिंग व्हील, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और वाइड टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। डैशबोर्ड पर फिजिकल क्लाइमेट कंट्रोल नॉब्स और ऊंचा गियर लीवर इसे एक सच्ची ऑफ-रोड SUV जैसा अनुभव देते हैं। सीटें ऊंची और आरामदायक हैं, जिससे ड्राइवर को बेहतर व्यू मिलता है।

कंपनी ने इसमें कई आधुनिक फीचर्स भी जोड़े हैं। इसमें टोयोटा सेफ्टी सेंस सिस्टम दिया गया है, जिसमें एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट और प्री-कोलिजन ब्रेकिंग जैसे एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स शामिल हैं। साथ ही एयरबैग्स, हिल असिस्ट और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स इसे और भी सुरक्षित बनाते हैं।

भारत में लॉन्च को लेकर उत्सुकता

फिलहाल टोयोटा ने लैंड क्रूजर FJ को जापान में पेश किया है। इसे 2026 के मध्य में वहां लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद कंपनी इसे अन्य देशों में भी पेश करने की योजना बना रही है। भारत में भी ऑफ-रोड सेगमेंट तेजी से बढ़ रहा है और Mahindra Thar तथा Maruti Jimny जैसी SUVs की सफलता से यह साफ झलकता है। अगर टोयोटा इस मॉडल को भारत में लॉन्च करती है, तो यह सीधे तौर पर इन गाड़ियों को टक्कर दे सकती है।

कंपनी की तरफ से भारत में लॉन्च को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यह गाड़ी यहां आती है तो इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल सकती है। टोयोटा का नाम ही अपने आप में भरोसे की गारंटी है और लैंड क्रूजर सीरीज ने हमेशा मजबूती और लक्जरी का शानदार संतुलन दिखाया है।

Leave a comment