चाइनीज मांझे से उज्जैन में गंभीर हादसा, 2 घंटे चला ऑपरेशन

चाइनीज मांझे से उज्जैन में गंभीर हादसा, 2 घंटे चला ऑपरेशन

उज्जैन में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से युवक की गर्दन गंभीर रूप से कट गई। दो घंटे के ऑपरेशन से जान बची। पुलिस ने मांझा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी का जुलूस निकाला।

Madhya Pradesh: उज्जैन में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक युवक की गर्दन में उलझ गया। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही पलों में खून से लथपथ हो गया। घायल युवक की पहचान 20 वर्षीय विनय तिवारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजगढ़ जिले के जीरापुर का रहने वाला है और वर्तमान में उज्जैन के जयसिंहपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। 

रविवार शाम करीब 6 बजे विनय बाइक से कुछ सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पर लटकता हुआ चाइनीज मांझा अचानक उसकी गर्दन में फंस गया।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया

मांझा गर्दन में फंसते ही विनय की गर्दन बुरी तरह कट गई और खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति को समझा और बिना देर किए घायल युवक को चरक अस्पताल पहुंचाया।

युवक अस्पताल पहुंचे तो उनकी हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू कर उसे ऑपरेशन थिएटर में भर्ती किया। चिकित्सकों के अनुसार, यदि थोड़ी देर और होती तो उनकी जान पर संकट आ सकता था।

दो घंटे चला ऑपरेशन

चरक अस्पताल के डॉक्टर आशु वर्मा ने बताया कि विनय की गर्दन में चाइनीज मांझे के कई टुकड़े फंसे हुए थे। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन में गले से मांझे के टुकड़े निकाले गए।

युवक की गर्दन पर ऑपरेशन के दौरान 10 टांके लगाए गए। समय पर इलाज मिलने से वह गंभीर स्थिति से बाहर आ गया। इसके बाद परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां अब उसकी हालत स्थिर है।

प्रतिबंध के बावजूद जारी है इस्तेमाल

उज्जैन में चाइनीज मांझे से घायल होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद कुछ लोग पतंग उड़ाने के शौक में खतरनाक चाइनीज मांझे का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इससे न सिर्फ पतंग उड़ाने वाले, बल्कि सड़क पर चलने वाले राहगीर, बाइक सवार और पक्षियों की जान भी खतरे में पड़ रही है। पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि प्रतिबंधित मांझे का उपयोग न करें।

पुलिस की सख्त कार्रवाई

चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ उज्जैन पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को महाकाल थाना पुलिस ने सैफ अली सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। इनमें दो आरोपी नाबालिग हैं, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। मुख्य आरोपी सैफ अली का महाकाल घाटी चौराहे से बेगम बाग तक जुलूस निकाला गया। इस दौरान वह कान पकड़कर चलता नजर आया और चाइनीज मांझा नहीं बेचने की कसमें खाता दिखा।

पुलिस ने बेगम बाग चौराहे पर जब्त चाइनीज मांझे को जलाया। मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया। थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a comment