अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के घर पर हमला हुआ। आरोपी को हिरासत में लिया गया। घटना वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के कुछ घंटे बाद हुई। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं और राजनीतिक एवं अपराध संबंधी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
वाशिंगटन: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के घर पर हमला हुआ है, जिसमें घर की कई खिड़कियां टूट गईं। यह घटना वॉशिंगटन डीसी के बाहरी इलाके में स्थित उनके आवास पर सोमवार तड़के हुई। हमले के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस और लोकल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एक शख्स को हिरासत में लिया गया।
हमले के बाद गिरफ्तारी
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर अचानक जेडी वेंस के घर में दाखिल हुआ और तोड़फोड़ करने लगा। हालांकि उस समय उपराष्ट्रपति वेंस वहां मौजूद नहीं थे। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को हिरासत में लिया। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में लगी हैं कि हमलावर ने यह कदम किस मकसद से उठाया और क्या उसके पीछे किसी बड़े साजिश का हाथ है।
जेडी वेंस और वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई

हमले के कुछ घंटे पहले ही जेडी वेंस ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का बचाव किया था। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला लंबे समय से ड्रग तस्करी में शामिल रहा है और वहां की जब्त तेल संपत्तियों का इस्तेमाल नारकोटेररिस्ट गतिविधियों को फंड करने के लिए किया गया। वेंस ने कहा कि वेनेजुएला को ड्रग्स से पूरी तरह अलग मानना गुमराह करने वाला है।
उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा, "बहुत से दावे हैं कि वेनेजुएला का ड्रग्स से कोई लेना-देना नहीं है क्योंकि ज्यादातर फेंटानिल कहीं और से आता है। लेकिन यह केवल एक हिस्सा है। वेनेजुएला से अभी भी कोकीन की तस्करी होती रही है और यह लैटिन अमेरिकी कार्टेल्स के मुनाफे का मुख्य स्रोत है। यदि हम इस मुनाफे को खत्म या कम कर दें, तो कार्टेल की ताकत काफी हद तक कमजोर हो जाएगी।"
अमेरिका में सुरक्षा व्यवस्था
जेडी वेंस के घर पर हमले के बाद अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीर घटना माना है। सीक्रेट सर्विस और लोकल पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और इलाके को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि वेंस के परिवार और घर की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा, जांच एजेंसियां इस हमले के राजनीतिक और अपराध संबंधी पहलुओं की समीक्षा कर रही हैं।












