तमिल सिनेमा और राजनीति के सुपरस्टार विजय थलापति की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायकन' का रिलीज शेड्यूल अभी भी अनिश्चित है। फिल्म को सेंसर बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी न मिलने और कानूनी अड़चनों के कारण 9 जनवरी 2026 की तय रिलीज डेट पर सिनेमाघरों में नहीं उतारा जा सका।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: विजय अभिनीत फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज पर संकट छा गया है। सेंसर बोर्ड से हरी झंडी नहीं मिलने के कारण फिल्म निर्धारित रिलीज डेट पर दर्शकों तक नहीं पहुंच सकी और अब तक रिलीज डेट को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है। मामला अब कोर्ट तक पहुँच चुका है। बीते 20 जनवरी को मद्रास हाईकोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई, और कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित कर लिया।
बताया जा रहा है कि आगामी रिपब्लिक डे वीक में भी फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ नहीं है। इसके चलते मेकर्स अब फरवरी में फिल्म की रिलीज की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
गणतंत्र दिवस पर रिलीज क्यों नहीं हुई?
'जन नायकन' को 9 जनवरी को रिलीज करने की योजना थी, ताकि फिल्म रिपब्लिक डे वीक के दौरान बड़े दर्शक जमावड़े का फायदा उठा सके। लेकिन फिल्म CBFC और मेकर्स के बीच विवाद में फंसी हुई है। बीते 20 जनवरी को मद्रास हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई, जिसमें कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुना और फैसला सुरक्षित रख लिया।
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 27 जनवरी तय की है। इसका मतलब यह हुआ कि गणतंत्र दिवस वीक में फिल्म रिलीज नहीं हो पाएगी और इसके संभावित बॉक्स ऑफिस लाभ से फिल्म वंचित रहेगी।

मेकर्स की चिंताएँ और आर्थिक जोखिम
KVN प्रोडक्शंस, जो फिल्म के प्रोड्यूसर हैं, ने कोर्ट को बताया कि फिल्म में 500 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। रिलीज में देरी से फिल्म को बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है। मेकर्स ने यह भी बताया कि रिलीज की अनिश्चितता की वजह से प्राइम वीडियो ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने का भी दबाव बढ़ गया है, लेकिन मेकर्स सिनेमाघरों पर ही रिलीज करना चाहते हैं।
अब 'जन नायकन' के मेकर्स फरवरी की शुरुआत या 6 फरवरी / 13 फरवरी को संभावित रिलीज डेट मान रहे हैं। फरवरी के महीने में कोई बड़ी फिल्म रिलीज शेड्यूल नहीं है, इसलिए विजय की फिल्म को डोमेस्टिक और इंटरनेशनल दोनों मार्केट्स में फायदा मिल सकता है। हालांकि, तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के चलते फिल्म को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) फरवरी के तीसरे हफ्ते में चुनावी शेड्यूल जारी कर सकता है। अगर अधिकारियों को लगे कि फिल्म मतदाताओं पर प्रभाव डाल सकती है, तो रिलीज पर रोक लग सकती है। इसलिए, फिल्म को फरवरी के पहले हफ्ते में रिलीज करना मेकर्स के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है।










