सरकार के आदेश और बढ़ते विवाद के बीच ‘संचार साथी’ ऐप के डाउनलोड में मंगलवार को रिकॉर्ड उछाल दर्ज किया गया। सामान्य दिनों के मुकाबले 10 गुना ज्यादा, करीब 6 लाख डाउनलोड हुए। ऐप को नए स्मार्टफोन्स में प्रीलोड करने के फैसले ने इसे अचानक सुर्खियों में ला दिया है।
Sanjchar Saathi App Download Surge: सरकार के नए निर्देशों के बाद ‘संचार साथी’ ऐप को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है। मंगलवार को इस ऐप के करीब 6 लाख डाउनलोड दर्ज किए गए, जो आम दिनों से दस गुना अधिक हैं। यह उछाल उस वक्त सामने आया जब मोबाइल कंपनियों को नए स्मार्टफोन्स में ऐप प्रीलोड करने का आदेश दिया गया। जहां सरकार इसे डिजिटल सुरक्षा से जोड़कर देख रही है, वहीं विपक्ष और आलोचक इसे निगरानी से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं।
विवाद के बीच ‘संचार साथी’ ऐप के डाउनलोड में रिकॉर्ड उछाल
सरकार के आदेश और उससे जुड़े विवाद के बीच ‘संचार साथी’ ऐप को जबरदस्त फायदा मिला है। दूरसंचार विभाग के सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को यह ऐप करीब 6 लाख बार डाउनलोड किया गया, जो सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 10 गुना ज्यादा है। आमतौर पर यह ऐप रोज करीब 60 हजार बार डाउनलोड होता है।
सूत्रों का कहना है कि बीते दो से तीन दिनों से यह ऐप लगातार चर्चा में बना हुआ है। जैसे ही नए स्मार्टफोन्स में इसे प्रीलोड करने का आदेश सामने आया, लोगों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी और डाउनलोड ग्राफ अचानक ऊपर चला गया।

सरकार के आदेश के बाद बढ़ी हलचल
सरकार ने 28 नवंबर को मोबाइल कंपनियों को निर्देश दिया था कि साइबर फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नए स्मार्टफोन्स में ‘संचार साथी’ ऐप को प्रीलोड किया जाए। वहीं, पहले से बिक चुके स्मार्टफोन्स में इसे सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए पुश करने के आदेश दिए गए।
ऑफिशियल डेटा के अनुसार, अब तक इस ऐप को कुल 1.5 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। दूरसंचार विभाग के सूत्रों ने दावा किया है कि विवाद के बावजूद लोगों का रुझान इस ऐप की तरफ बढ़ा है और यूजर्स इसे सुरक्षा से जोड़कर देख रहे हैं।
अनिवार्यता को लेकर विवाद और विरोध
सरकार के इस फैसले पर विवाद गहराता जा रहा है। विपक्षी दलों और कई आलोचकों का कहना है कि इस आदेश के जरिए सरकार लोगों के मोबाइल डेटा पर नजर रखना चाहती है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं।
विरोध बढ़ने के बाद सरकार ने सफाई दी कि यूजर्स चाहें तो ‘संचार साथी’ ऐप को डिलीट कर सकते हैं। इसी बीच टेक कंपनी ऐप्पल ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस आदेश का पालन नहीं करेगी, जिससे यह मामला और चर्चा में आ गया है।
क्या है ‘संचार साथी’ ऐप और क्यों है खास
‘संचार साथी’ एक सेंट्रलाइज्ड मोबाइल सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म है, जिसकी मदद से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को सभी नेटवर्क पर ब्लॉक किया जा सकता है। IMEI नंबर के जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि फोन असली है या नकली।
इसके अलावा, यह ऐप एक आईडी से जुड़े सभी मोबाइल नंबर दिखाने, स्पैम और संदिग्ध कॉल्स की रिपोर्ट करने और चोरी हुए फोन की तलाश में पुलिस की सहायता करने जैसे कई अहम फीचर्स देता है। यही वजह है कि इसे डिजिटल सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।











