दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के साथ-साथ असम और मेघालय के लिए सर्दी और कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
नई दिल्ली: देशभर में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब-हरियाणा के साथ-साथ चंडीगढ़ और असम-मेघालय सहित कई राज्यों के लिए सर्दी का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार असम और मेघालय में 27 दिसंबर तक और उत्तर प्रदेश में 29 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 28 दिसंबर तक बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में शीत दिवस से गंभीर शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। वहीं, उत्तराखंड में 27 दिसंबर तक शीत दिवस की आशंका जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में मौसम की स्थिति
दिल्ली-एनसीआर में लगातार तापमान गिर रहा है। न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 21-22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आर्द्रता 90-95 प्रतिशत होने के कारण कोहरा और स्मॉग और घना हो सकता है, जिससे वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग ने 28 दिसंबर तक मॉडरेट फॉग की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश में 27 और 28 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कई इलाकों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। मेरठ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.6℃ दर्ज किया गया, जबकि इटावा में न्यूनतम तापमान 4.8℃ रहा। 29, 30 और 31 दिसंबर को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय कोहरे का असर बना रह सकता है।

बिहार और झारखंड में शीतलहर
बिहार में मौसम विभाग ने कई जिलों में अत्यधिक घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शीतलहर का प्रकोप जारी है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10℃ से नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक प्रभावित जिले हैं: पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और जहानाबाद।
झारखंड के 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुमला राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8℃ दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस और गिरावट का अनुमान जताया है। अन्य प्रभावित जिले हैं: रांची, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा, लोहरदगा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा।
जम्मू-कश्मीर में मौसम
कश्मीर में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में थोड़ी राहत मिली है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2℃ दर्ज किया गया। सोनमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से नीचे 4.7℃ था। उत्तरी कश्मीर का गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट -4.5℃ पर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 28 दिसंबर तक कश्मीर में शुष्क मौसम का पूर्वानुमान जताया है।
हालांकि 29 दिसंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी दी गई है।












