मिस्त्री विद्यासागर ने सोमवार को घर में परफ्यूम पीकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसकी अचानक मानसिक स्थिति बदलने और जादू-टोना के डर को इसकी वजह मान रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Chhattisgarh: कटघोरा निवासी 28 वर्षीय विद्यासागर सोमवार को घर में परफ्यूम पीने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी परिवार के सदस्यों ने तुरंत कटघोरा थाने को दी। परिजन ने बताया कि विद्यासागर शांत और शालीन स्वभाव का युवक था, जो कभी-कभी शराब पीता था।
विद्यासागर की शादी पिछले साल हुई थी और उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। घटना से कुछ समय पहले उसने ऑनलाइन परफ्यूम मंगाया था। सोमवार को घर लौटने पर उसने अपने छोटे भाई से परफ्यूम मांगा, फिर उसे पीकर कमरे में जाकर फांसी लगा ली।
घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया
परिजन तुरंत युवक को नीचे उतार कर कटघोरा सरकारी अस्पताल ले गए। स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान विद्यासागर की मौत हो गई।

घटनास्थल से परफ्यूम की खाली शीशी मिली, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने परफ्यूम पीकर आत्महत्या की।
परिजनों ने जादू-टोना को बताया कारण
विद्यासागर के बड़े भाई बजरंग सिंह उइके ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति अचानक बदलती रहती थी। परिवार का मानना है कि किसी जादू-टोने के डर के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और यही वजह थी कि उसने आत्महत्या का कदम उठाया।
हालांकि कानून जादू-टोने को मौत का कारण नहीं मानता, लेकिन ग्रामीण अभी भी इसे वास्तविक मानते हैं।
पुलिस जांच
कटघोरा जिला अस्पताल चौकी प्रभारी सुरेश मणि सोनवानी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और जांच के लिए डायरी संबंधित थाने को भेजी जाएगी।
डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि समाज में फैले अंधविश्वास और जादू टोने के डर के कारण लोग मानसिक रूप से परेशान हो जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी जादू टोना वास्तव में किसी की जान नहीं ले सकता।











