31 दिसंबर कई अहम वित्तीय कामों की आखिरी तारीख है। कार की कीमत बढ़ने, आधार-पैन इनएक्टिव होने, ITR रिफंड अटकने और निवेश पर कम ब्याज से बचने के लिए इन जरूरी कामों को समय रहते पूरा करना बेहद जरूरी है।
Year Ender 2025: नया साल शुरू होने में अब बहुत कम समय बचा है। 31 दिसंबर सिर्फ कैलेंडर की तारीख नहीं है, बल्कि कई अहम Financial और Personal कामों की डेडलाइन भी है। अगर आपने इन जरूरी कामों को समय रहते पूरा नहीं किया, तो 1 जनवरी से आपको सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। कहीं आपकी कार महंगी न हो जाए, कहीं पैन कार्ड इनएक्टिव न हो जाए, या फिर आपका टैक्स रिफंड सरकार के पास न चला जाए।
इसीलिए साल खत्म होने से पहले इन चार जरूरी कामों को निपटाना बेहद जरूरी है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि 31 दिसंबर से पहले कौन से काम पूरे करना आपके लिए जरूरी है और ऐसा न करने पर क्या नुकसान हो सकता है।
1 जनवरी से महंगी हो जाएंगी गाड़ियां
अगर आप नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो 31 दिसंबर आपके लिए आखिरी मौका हो सकता है। ऑटोमोबाइल कंपनियों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि 1 जनवरी से गाड़ियों की कीमतें बढ़ने वाली हैं।
मारुति, टाटा, हुंडई और MG जैसी बड़ी कंपनियां नए साल से अपने वाहनों के दाम बढ़ा सकती हैं। MG ने कीमतें बढ़ाने का आधिकारिक ऐलान भी कर दिया है। वहीं BMW ने अपनी कारों की कीमत 2 से 3 प्रतिशत तक बढ़ाने की घोषणा की है।
कार कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल की लागत बढ़ने, मैन्युफैक्चरिंग खर्च और इनपुट कॉस्ट बढ़ने की वजह से कीमतों में इजाफा किया जा रहा है। ऐसे में अगर आप 31 दिसंबर से पहले कार बुक कर लेते हैं, तो हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की बचत हो सकती है।
जो लोग नई गाड़ी खरीदने की सोच रहे हैं, उनके लिए यह सही समय है। नए साल में वही कार आपको ज्यादा कीमत पर खरीदनी पड़ सकती है।
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों में कटौती की आशंका

31 दिसंबर से पहले स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स में निवेश करने वालों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। माना जा रहा है कि सरकार इन योजनाओं की ब्याज दरों में कटौती कर सकती है।
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स में कुल 11 योजनाएं शामिल हैं, जिनमें पोस्ट ऑफिस सेविंग स्कीम, सुकन्या समृद्धि योजना, पब्लिक प्रोविडेंट फंड और नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट जैसी योजनाएं आती हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक ने 5 दिसंबर को रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती कर दी है, जिसके बाद यह 5.25 प्रतिशत हो गया है। आमतौर पर रेपो रेट घटने का असर फिक्स्ड डिपॉजिट और छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों पर पड़ता है।
अगर ब्याज दरें घटती हैं, तो नए निवेश पर मिलने वाला रिटर्न कम हो जाएगा। ऐसे में जो लोग इन योजनाओं में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए 31 दिसंबर से पहले निवेश करना फायदेमंद हो सकता है।
आधार को पैन से लिंक करना है बेहद जरूरी
अगर आपका आधार कार्ड 1 अक्टूबर 2024 या उससे पहले बना है और अभी तक आपने उसे पैन कार्ड से लिंक नहीं कराया है, तो 31 दिसंबर आखिरी तारीख है।

31 दिसंबर के बाद अगर आधार और पैन लिंक नहीं हुआ, तो आपका पैन कार्ड इनएक्टिव हो सकता है। पैन कार्ड इनएक्टिव होने का मतलब है कि वह किसी भी तरह के Financial काम में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
इनएक्टिव पैन से आप इनकम टैक्स रिटर्न फाइल नहीं कर पाएंगे। आपका पेंडिंग रिफंड अटक सकता है। बैंक अकाउंट से जुड़े कई काम रुक सकते हैं। म्यूचुअल फंड, शेयर मार्केट और लोन से जुड़े मामलों में भी परेशानी आ सकती है।
इसलिए अगर आपने अब तक आधार और पैन लिंक नहीं किया है, तो बिना देरी किए यह काम 31 दिसंबर से पहले जरूर पूरा कर लें।
इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करना क्यों जरूरी
इनकम टैक्स रिटर्न यानी ITR फाइल करना सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह आपकी Financial प्रोफाइल का अहम हिस्सा है। अगर आपने वित्त वर्ष 2024-25 का ITR अब तक फाइल नहीं किया है, तो भी आपके पास 31 दिसंबर तक का मौका है।
हालांकि इस स्थिति में आपको लेट फीस के साथ ITR फाइल करना होगा। टैक्स एक्सपर्ट और चार्टर्ड अकाउंटेंट आनंद जैन के अनुसार, 31 दिसंबर के बाद अगर आप ITR फाइल करते हैं, तो आपका रिफंड क्लेम नहीं किया जा सकेगा।

मतलब यह कि अगर आपका कोई रिफंड बनता है, तो वह पैसा सरकार के पास चला जाएगा और आपको वापस नहीं मिलेगा। इसके अलावा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आप पर जुर्माना भी लगा सकता है।
ITR फाइल न करने से भविष्य में लोन लेने, वीजा अप्लाई करने और Financial रिकॉर्ड मजबूत करने में भी दिक्कत आती है।
नए साल में परेशानी से बचना है तो अभी करें ये काम
31 दिसंबर की डेडलाइन सिर्फ तारीख नहीं है, बल्कि यह आपके पैसों से जुड़ा बड़ा फैसला है। कार खरीदनी हो, निवेश करना हो, टैक्स रिटर्न भरना हो या पैन कार्ड एक्टिव रखना हो, ये सभी काम समय पर पूरे करना बेहद जरूरी है।
नया साल नई शुरुआत का मौका होता है। ऐसे में अगर आप पुराने साल में जरूरी काम अधूरे छोड़ देते हैं, तो नए साल की शुरुआत नुकसान के साथ हो सकती है।











