Pune

अमेरिकी धमकी पर चीन का पलटवार, नाइजीरिया को मिला बीजिंग का समर्थन

अमेरिकी धमकी पर चीन का पलटवार, नाइजीरिया को मिला बीजिंग का समर्थन

चीन ने अमेरिका की नाइजीरिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकी का विरोध किया है। ट्रंप ने नाइजीरिया पर ईसाइयों के उत्पीड़न का आरोप लगाया था। चीन ने कहा कि वह नाइजीरिया की संप्रभुता (Sovereignty) और आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करता है।

World News: चीन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नाइजीरिया के खिलाफ दी गई सैन्य कार्रवाई की धमकी का विरोध किया है। ट्रंप ने नाइजीरियाई सरकार पर देश में ईसाइयों के उत्पीड़न का आरोप लगाया था। बीजिंग ने कहा कि नाइजीरियाई प्रशासन अपने हालात के अनुसार देश को आगे बढ़ा रहा है और वह उसके साथ खड़ा रहेगा।

चीन ने जताया विरोध

ट्रेड वॉर के बीच चीन ने अमेरिका के रुख का विरोध किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल में कहा था कि यदि नाइजीरियाई सरकार ईसाइयों की हत्या की अनुमति देती रही तो अमेरिका नाइजीरिया को दी जाने वाली सभी सहायता तुरंत बंद कर देगा और जरूरत पड़ी तो सैन्य कार्रवाई भी कर सकता है। इस पर चीन ने प्रतिक्रिया दी कि वह किसी भी देश द्वारा धर्म या मानवाधिकारों के बहाने दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप का विरोध करता है।

चीन के विदेश मंत्रालय का बयान

अमेरिका की धमकी पर पूछे जाने पर चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि नाइजीरियाई विदेश मंत्रालय ने पहले ही बयान जारी कर बताया है कि अमेरिका के आरोप देश की मौजूदा स्थिति को नहीं दर्शाते। उन्होंने कहा कि नाइजीरियाई सरकार आतंकवाद के खिलाफ लड़ने, धार्मिक सौहार्द बढ़ाने और अपने सभी नागरिकों के जीवन व अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

चीन ने दिया नाइजीरिया को समर्थन

माओ निंग ने कहा कि चीन एक व्यापक रणनीतिक साझेदार के रूप में नाइजीरियाई सरकार का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि चीन किसी भी देश द्वारा धर्म या मानवाधिकारों के नाम पर दूसरे देशों में हस्तक्षेप, प्रतिबंध या बल प्रयोग की धमकियों के खिलाफ है।

वेनेजुएला को लेकर चीन की सफाई

अमेरिकी हमलों के बाद वेनेजुएला द्वारा मिसाइल और ड्रोन की मांग संबंधी खबरों पर माओ निंग ने कहा कि चीन मादक पदार्थ तस्करी से लड़ने के नाम पर बल प्रयोग का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि चीन उम्मीद करता है कि अमेरिका द्विपक्षीय और बहुपक्षीय कानूनी ढांचे के भीतर रहकर सामान्य कानून प्रवर्तन और न्यायिक गतिविधियाँ करेगा। हालांकि, उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की कि क्या चीन वेनेजुएला को सैन्य उपकरण उपलब्ध कराएगा या नहीं।

Leave a comment