अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला के मादुरो पर गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों और डांस स्टाइल की नकल का आरोप लगाया। मादुरो की गिरफ्तारी पर ट्रंप ने अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज की कार्रवाई को शानदार बताया।
America: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मुद्दा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो हैं। ट्रंप ने मादुरो पर न सिर्फ गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों का आरोप लगाया, बल्कि यह भी कहा कि मादुरो उनके डांस स्टाइल की नकल करता है। ट्रंप के इस बयान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है और यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या व्यक्तिगत नाराजगी भी इस टकराव की एक वजह रही है।
रिपब्लिकन सांसदों के सामने ट्रंप का बयान
मंगलवार को रिपब्लिकन सांसदों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने मादुरो की गिरफ्तारी का खुलकर जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई वक्त की जरूरत थी और अमेरिका ने सही समय पर एक्शन लिया। ट्रंप के मुताबिक, मादुरो लंबे समय से अमेरिका को खुले तौर पर चुनौती दे रहा था। उनके अनुसार, मादुरो सार्वजनिक मंचों पर डांस करके अमेरिकी चेतावनियों को हल्के में दिखाता था।
डांस की नकल का आरोप
ट्रंप ने अपने भाषण में कहा, “वह मंच पर जाते हैं और मेरे डांस की थोड़ी नकल करने की कोशिश करते हैं।” ट्रंप ने यह बात मजाकिया अंदाज में शुरू की, लेकिन इसके बाद आरोपों का लहजा बेहद गंभीर हो गया। उन्होंने मादुरो को एक हिंसक शासक बताया और कहा कि वह लाखों लोगों की हत्या और यातना के लिए जिम्मेदार है।
ट्रंप का यह बयान सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में तेजी से फैल गया। कई लोग इसे ट्रंप के विशिष्ट स्टाइल का बयान मान रहे हैं, जिसमें व्यक्तिगत टिप्पणी और सख्त राजनीतिक आरोप एक साथ नजर आते हैं।
मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप
डांस की बात से आगे बढ़ते हुए ट्रंप ने मादुरो पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मादुरो के शासन में वेनेजुएला में बड़े पैमाने पर हिंसा और यातनाएं हुई हैं। ट्रंप ने काराकस के बीचों-बीच एक यातना कक्ष का जिक्र किया, जहां लोगों को प्रताड़ित किया जाता था। हालांकि, उन्होंने इस यातना कक्ष के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी, लेकिन दावा किया कि अब उसे बंद किया जा रहा है।
अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज की ‘शानदार’ कार्रवाई
ट्रंप ने मादुरो की गिरफ्तारी को अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज की शानदार रेड बताया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और अमेरिका की ताकत को दर्शाता है। ट्रंप के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी को शनिवार को पकड़ा गया।
उन्होंने इस कार्रवाई को अपनी विदेश नीति की बड़ी कामयाबी बताया और कहा कि इससे यह संदेश गया है कि अमेरिका अपने हितों और मूल्यों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।
वेनेजुएला के तेल भंडार पर नजर

अपने भाषण में ट्रंप ने वेनेजुएला के विशाल तेल भंडारों का भी जिक्र किया। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका इन संसाधनों को लेकर रणनीतिक सोच रखता है। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि आगे की योजना क्या होगी। ट्रंप के इस बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या अमेरिका की कार्रवाई के पीछे ऊर्जा संसाधनों की भूमिका भी है।
मादुरो का डांस और ‘नो वॉर, यस पीस’
गौर करने वाली बात यह है कि मादुरो अक्सर ‘नो वॉर, यस पीस’ के टेक्नो रीमिक्स पर डांस करते नजर आते थे। यह वीडियो उस समय सामने आए थे, जब अमेरिकी फोर्सेज कैरेबियन इलाके में जुट रही थीं। ट्रंप ने इसे एक तरह की चुनौती के रूप में देखा और कहा कि इस रवैये ने व्हाइट हाउस को सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर किया।
ट्रंप का अपना डांस स्टाइल
ट्रंप खुद भी अपने डांस के लिए मशहूर हैं। वह चुनावी रैलियों में ‘YMCA’ गाने पर डांस करते नजर आते रहे हैं। अपने भाषण में उन्होंने हंसते हुए कहा कि उनकी पत्नी को उनका डांस पसंद नहीं आता। ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मेरी पत्नी कहती है कि यह राष्ट्रपति जैसा नहीं लगता।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी पत्नी को उनका डांस बिल्कुल पसंद नहीं है।
FDR का जिक्र और तुलना
ट्रंप ने अपने बयान में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट यानी FDR का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि FDR डांस करे?”
FDR अमेरिका के उन राष्ट्रपतियों में से थे, जिन्होंने 1933 से 1945 तक देश का नेतृत्व किया। वह पोलियो की वजह से कमर से नीचे पैरालाइज्ड थे। ट्रंप का यह बयान एक तरह से अपने डांस को लेकर होने वाली आलोचना पर जवाब माना जा रहा है।
घरेलू नीतियों और 2026 मिडटर्म चुनाव का जिक्र
मादुरो और विदेश नीति की बातों के साथ-साथ ट्रंप ने घरेलू मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने अपनी नीतियों की एक सूची गिनाई, जिन्हें वह 2026 के मिडटर्म चुनावों के लिए अहम मानते हैं।
ट्रंप ने कहा कि वह ट्रांसजेंडर महिलाओं को महिलाओं और लड़कियों के स्पोर्ट्स से बाहर रखने के पक्ष में हैं। उन्होंने भाषण के दौरान एक ट्रांस वेटलिफ्टर की नकल भी की, जिससे हॉल में मौजूद सांसदों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली।
अर्थव्यवस्था को लेकर ट्रंप की चिंता
ट्रंप ने यह भी माना कि अमेरिकी मतदाता अभी भी महंगाई से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भले ही सरकार यह दावा कर रही है कि अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में है, लेकिन आम लोग बेसिक सामानों की बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं।
उन्होंने सांसदों से कहा कि वह जानना चाहते हैं कि जनता के दिमाग में क्या चल रहा है। ट्रंप के मुताबिक, नीतियां सही हैं, लेकिन लोगों की नाराजगी को समझना जरूरी है।












