टोंक के उनियारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध की आशंका के चलते काली थार गाड़ी में सवार पांच युवकों को गिरफ्तार किया। गाड़ी से मोबाइल फोन और लोहे के पाइप बरामद किए गए हैं।
Rajasthan: शनिवार को उनियारा थाना पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की थार गाड़ी में सवार पांच संदिग्ध व्यक्ति इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के अनुसार ये लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हो सकते हैं। सूचना मिलते ही उनियारा थाने के एएसआई रतनलाल मीणा ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया।
इसके बाद एसपी राजेश कुमार मीणा द्वारा चलाए जा रहे संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की धरपकड़ अभियान के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एएसपी रतनलाल भार्गव के आदेश पर उनियारा डीएसपी आकांक्षा कुमारी और थाना प्रभारी कालूराम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल रवाना की गई।
पुलिस को देखकर भागे आरोपी

पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी करते हुए संदिग्ध वाहनों पर नजर रखना शुरू किया। इसी दौरान काले रंग की थार गाड़ी दिखाई दी। पुलिस ने जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो उसमें सवार लोगों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और सवाई माधोपुर की ओर भागने लगे।
हालांकि पुलिस ने पीछा करते हुए बंसल पेट्रोल पंप के पास, शराब के ठेके के सामने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद गाड़ी में सवार सभी पांच लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस ने आरोपियों से वाहन के कागजात मांगे, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर पुलिस को शक गहराया और गाड़ी की तलाशी ली गई।
मोबाइल और लोहे के पाइप मिले
तलाशी के दौरान थार गाड़ी से 6 मोबाइल फोन और 2 लोहे के पाइप बरामद हुए। इन वस्तुओं को देखकर पुलिस को इनके आपराधिक मंशा से जुड़े होने की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस ने सभी पांचों युवकों को अपराध करने की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार (27), बहादुर सिंह (25), ऋषि कुमार (20), हेमेन्द्र सिंह (19) और गणपत (19) के रूप में हुई है।
सभी आरोपी सवाई माधोपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, मोबाइल कॉल डिटेल और आपसी संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।











