बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की सेहत गंभीर बनी हुई है। एयर एम्बुलेंस के जरिए उन्हें लंदन ले जाने की तैयारी की जा रही है। उड़ान के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टर और नर्स उनकी निगरानी करेंगे।
Dhaka: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की हालत गंभीर बनी हुई है। पिछले दो हफ्तों से ढाका स्थित एवरकेयर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, लेकिन उनकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा। 80 साल की जिया कई पुरानी बीमारियों से जूझ रही हैं और डॉक्टरों ने उन्हें लंबी यात्रा के लिए फिलहाल अस्थायी तौर पर तैयार नहीं किया था। उनके स्वास्थ्य संकट को देखते हुए अब उनके विदेश में इलाज की तैयारी की जा रही है।
एयर एम्बुलेंस से लंदन ले जाने का फैसला
खालिदा जिया को एयर एम्बुलेंस के जरिए लंदन ले जाया जाएगा। इसके लिए पहले ही सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कतर सरकार ने एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की है, जिसे जर्मनी स्थित FAI एविएशन ग्रुप से किराए पर लिया गया है। यह विमान क्रिटिकल-केयर उपकरणों से लैस है और उड़ान के दौरान जिया की पूरी देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। एयर एम्बुलेंस में वेंटिलेटर, मॉनिटर, इन्फ्यूजन पंप और ऑक्सीजन सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
ढाका में एयर एम्बुलेंस की तैयारी

न्यूज पोर्टल bdnews24.com के अनुसार, बांग्लादेश के सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAAB) ने विमान को मंगलवार सुबह 8 बजे ढाका में लैंडिंग का स्लॉट दिया है। उसी दिन रात 9 बजे विमान लंदन के लिए उड़ान भरने की योजना है। एयर एम्बुलेंस के स्टाफ में प्रशिक्षित डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिक्स शामिल होंगे, जो उड़ान के दौरान खालिदा जिया की निगरानी करेंगे।
पिछली यात्रा में देरी
इससे पहले उम्मीद जताई गई थी कि खालिदा जिया शुक्रवार सुबह एयर एम्बुलेंस से लंदन जाएंगी। लेकिन तकनीकी कारणों और लंबी यात्रा के लिए उनकी स्वास्थ्य स्थिति अनुकूल न होने के चलते यह योजना टल गई। रविवार को भी यात्रा को स्थगित करना पड़ा क्योंकि डॉक्टरों ने लंबी उड़ान के दौरान स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए अभी यात्रा न करने की सलाह दी।
कतर ने की मदद
कतर के दूतावास ने बताया कि रिप्लेसमेंट एयर एम्बुलेंस पूरी तरह क्रिटिकल-केयर सुविधाओं से लैस है। इसमें वेंटिलेटर, मॉनिटरिंग सिस्टम, इन्फ्यूजन पंप और ऑक्सीजन सपोर्ट शामिल हैं। विमान में प्रशिक्षित डॉक्टर और नर्स टीम यात्रा के दौरान खालिदा जिया की देखभाल करेगी। यह पहली बार नहीं है जब कतर ने खालिदा जिया की मदद की है। इससे पहले भी कतर के अमीर के निजी बेड़े की एयर एम्बुलेंस से जिया लंदन इलाज के लिए गई थीं।











