बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा के बीच मशहूर सिंगर जेम्स का कॉन्सर्ट रद्द कर दिया गया। यह कार्यक्रम ढाका से 120 किलोमीटर दूर फरीदपुर में होना था, लेकिन कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों पर हो रहे हमलों के चलते इसे स्थगित करना पड़ा। इस घटना में करीब 25 छात्र घायल हुए हैं।
Bangladesh Violence: बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा और असहिष्णुता के बीच मशहूर गायक जेम्स का एक संगीत कार्यक्रम हिंसक घटना के कारण रद कर दिया गया। यह कॉन्सर्ट ढाका से लगभग 120 किलोमीटर दूर फरीदपुर जिले में आयोजित किया जाना था। कार्यक्रम एक स्कूल की वर्षगांठ के अवसर पर रखा गया था, लेकिन आयोजन स्थल पर अचानक हुई हिंसा ने पूरे माहौल को भयावह बना दिया। इस घटना में कम से कम 25 छात्रों के घायल होने की खबर सामने आई है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्कूल परिसर में संगीत कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक उग्र भीड़ ने आयोजन स्थल में घुसने की कोशिश की और ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद छात्रों और दर्शकों ने इसका विरोध किया, लेकिन हालात तेजी से बिगड़ते चले गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अंततः आयोजकों को कॉन्सर्ट रद करने का फैसला लेना पड़ा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम बना हिंसा का शिकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना अचानक और उग्र था कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घायल छात्रों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, गायक जेम्स और उनके बैंड के सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से फिलहाल घटना की जांच की जा रही है, लेकिन इस हमले ने देश में कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना पर बांग्लादेश की प्रसिद्ध लेखिका और मानवाधिकार कार्यकर्ता तस्लीमा नसरीन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बांग्लादेश में सांस्कृतिक केंद्रों और कलाकारों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।

तस्लीमा नसरीन ने दावा किया कि हाल ही में देश के प्रसिद्ध सांस्कृतिक केंद्र छायानाट को आग के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा, संगीत, नृत्य, कविता और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने वाले संगठन उदिची पर भी हमले किए गए। उन्होंने लिखा, “उग्रवादियों ने अब मशहूर गायक जेम्स को भी परफॉर्म नहीं करने दिया। यह केवल एक कॉन्सर्ट पर हमला नहीं है, बल्कि यह बांग्लादेश की सांस्कृतिक आत्मा पर हमला है।”
विदेशी कलाकार भी हो रहे हैं प्रभावित
तस्लीमा नसरीन ने एक और चिंताजनक उदाहरण साझा करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीतकार उस्ताद अलाउद्दीन खान के पुत्र और मैहर घराने के जाने-माने कलाकार सिराज अली खान ढाका पहुंचे थे। लेकिन देश में बिगड़ते हालातों और असुरक्षा के माहौल को देखते हुए वह बिना प्रस्तुति दिए ही भारत लौट गए।
उनके हवाले से तस्लीमा ने कहा कि जब तक बांग्लादेश में कलाकारों, संगीत और सांस्कृतिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वे वहां प्रस्तुति देने नहीं आएंगे। यह बयान बांग्लादेश की सांस्कृतिक छवि के लिए एक गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।
कौन हैं सिंगर जेम्स?
गायक जेम्स बांग्लादेश के सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली संगीतकारों में गिने जाते हैं। वह प्रसिद्ध रॉक बैंड ‘नागर बाउल’ के मुख्य गायक और गीतकार हैं। जेम्स ने बांग्लादेश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। वह हिंदी सिनेमा में भी अपनी आवाज दे चुके हैं। उनके गाए लोकप्रिय हिंदी गीतों में फिल्म गैंगस्टर का सुपरहिट गाना ‘भीगी भीगी’ और लाइफ इन ए मेट्रो का भावुक गीत ‘अलविदा’ शामिल है। भारत और बांग्लादेश, दोनों देशों में उनके प्रशंसकों की बड़ी संख्या है।











