भारत के पर्यटन को मिलेगा वैश्विक मंच: पर्यटन मंत्रालय और नेटफ्लिक्स के बीच हुआ ऐतिहासिक MoU

भारत के पर्यटन को मिलेगा वैश्विक मंच: पर्यटन मंत्रालय और नेटफ्लिक्स के बीच हुआ ऐतिहासिक MoU

भारत के पर्यटन उद्योग के लिए सोमवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ, जब पर्यटन मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के साथ एक अहम समझौता (MoU) पर हस्ताक्षर किए।

Tourism Ministery Signs MoU With Netflix: भारत के पर्यटन क्षेत्र के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल करते हुए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने ग्लोबल ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स के साथ महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है। इस साझेदारी के तहत अब भारत के प्रमुख और उभरते पर्यटन स्थलों को दुनियाभर में डिजिटल और सिनेमैटिक माध्यम से प्रमोट किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस करार से भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी और देश की वैश्विक पर्यटन छवि और मजबूत होगी।

भारत के पर्यटन स्थलों को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान

भारत अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और भौगोलिक विविधता के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। हिमालय से लेकर समुद्र तक, रेगिस्तान से लेकर हरियाली से भरे जंगलों तक भारत हर तरह के पर्यटक को आकर्षित करता है। अब इस नई साझेदारी के तहत नेटफ्लिक्स अपने फिल्मों, वेब सीरीज और डॉक्यूमेंट्री कंटेंट के जरिए भारत के पर्यटन स्थलों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाएगा।

सरकार का मानना है कि विजुअल स्टोरीटेलिंग के जरिए आज के दौर में किसी भी देश की ब्रांडिंग सबसे प्रभावी ढंग से की जा सकती है। नेटफ्लिक्स जैसे विश्वस्तरीय प्लेटफॉर्म पर भारत के अलग-अलग राज्यों, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक स्थलों की झलक मिलने से अंतरराष्ट्रीय दर्शकों में भारत घूमने की उत्सुकता और बढ़ेगी।

लोकसभा में पर्यटन मंत्री ने दी जानकारी

इस समझौते की पुष्टि केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित उत्तर में की। उन्होंने बताया कि पर्यटन मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स एंटरटेनमेंट सर्विसेज इंडिया LLP के साथ एक गैर-व्यावसायिक (Non-Commercial) MoU पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य सिनेमैटिक स्टोरीटेलिंग के माध्यम से भारत के पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर प्रमोट करना है। 

इसके अंतर्गत भारत के प्राकृतिक परिदृश्य, सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक स्थल और विभिन्न राज्यों की अनोखी पहचान को कंटेंट के जरिए उभारा जाएगा। इस प्रमोशन में गुजरात सहित देश के कई प्रमुख और उभरते पर्यटन स्थल शामिल होंगे।

‘इनक्रेडिबल इंडिया’ ब्रांड को मिलेगी नई ताकत

सरकार का मानना है कि यह सहयोग भारत की ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ ब्रांडिंग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। नेटफ्लिक्स के पास दुनियाभर में करोड़ों सब्सक्राइबर हैं, जिससे भारत को एक ऐसा व्यापक अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा, जहां देश की संस्कृति, परंपरा, खान-पान और पर्यटन स्थलों को एक नई पहचान मिलेगी।

इस पहल से न सिर्फ भारत की सॉफ्ट पावर मजबूत होगी, बल्कि देश को एक आधुनिक, सांस्कृतिक और विविध पर्यटन गंतव्य के रूप में दुनिया के सामने पेश किया जा सकेगा।

इस MoU से फिल्म और मनोरंजन उद्योग को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। अब देश के अलग-अलग राज्यों की अनदेखी और कम प्रसिद्ध लोकेशन्स पर शूटिंग को बढ़ावा मिलेगा। वेब सीरीज और फिल्मों के माध्यम से दर्शक भारत के उन हिस्सों को भी जान सकेंगे, जो अब तक पर्यटन के नक्शे पर ज्यादा उभरे नहीं थे।

 

Leave a comment