भारतीय महिलाओं पर साइबर गिरोह की नई चाल, धोखा देकर उड़ाए जा रहे पैसे, जानें कैसे बचें

भारतीय महिलाओं पर साइबर गिरोह की नई चाल, धोखा देकर उड़ाए जा रहे पैसे, जानें कैसे बचें

सोशल मीडिया पर दोस्ती का झांसा देकर चल रही नई साइबर ठगी में महिलाओं को महंगे गिफ्ट, रिश्ते और भरोसे का लालच देकर फंसाया जा रहा है। ठग बाद में नकली कस्टम कॉल और ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसे ऐंठते हैं। विशेषज्ञों ने ऐसे मामलों में तेजी से बढ़ोतरी की चेतावनी दी है और सतर्क रहने की सलाह दी है।

Social Media Cyber Fraud: भारत के कई शहरों में महिलाओं को निशाना बनाकर चल रही एक नई ऑनलाइन ठगी ने चिंता बढ़ा दी है। यह मामले तब सामने आए जब ठग इंस्टाग्राम और फेसबुक पर दोस्ती बढ़ाकर महंगे गिफ्ट भेजने का दावा करते हैं और फिर एयरपोर्ट या कस्टम शुल्क के नाम पर पैसे मांगते हैं। हाल ही में सामने आए घटनाक्रम में पीड़िताओं को नकली अधिकारियों की धमकी तक दी गई। विशेषज्ञों के अनुसार यह गिरोह तेजी से सक्रिय हो रहा है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

सोशल मीडिया पर दोस्ती बनाकर बढ़ रहा फ्रॉड

ठग सबसे पहले इंस्टाग्राम या फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर लड़कियों से संपर्क करते हैं। वे खुद को डॉक्टर, इंजीनियर या किसी विदेशी प्रोफेशनल के रूप में पेश करते हैं ताकि सामने वाला जल्दी भरोसा कर ले। कुछ ही दिनों में बातचीत इंस्टाग्राम से व्हाट्सऐप तक पहुंच जाती है और यहीं से खेल शुरू होता है।

इसके बाद ठग वीडियो कॉल से बचते हैं और नेटवर्क का बहाना बनाते रहते हैं। वे जल्दी ही शादी या रिश्ते जैसी बातें शुरू कर देते हैं ताकि भरोसा पूरी तरह बन जाए। अगले चरण में महंगे गिफ्ट खरीदने के नकली वीडियो भेजे जाते हैं और दावा किया जाता है कि सामान भारत भेज दिया गया है।

नकली कस्टम कॉल और ब्लैकमेलिंग का दबाव

ठगी का मुख्य चरण तब शुरू होता है जब पीड़िता को कॉल आता है कि पार्सल एयरपोर्ट पर अटक गया है और रिलीज के लिए शुल्क देना पड़ेगा। चौथी या पांचवीं बार कॉल नकली कस्टम अधिकारी, एयरपोर्ट स्टाफ या CBI के नाम से आता है। इनका उद्देश्य पीड़िता पर दबाव बनाना होता है।

अगर भुगतान से इनकार किया जाए तो ठग धमकी देने लगते हैं कि उनका रिकॉर्ड किया वीडियो वायरल कर देंगे या मामला एजेंसी के पास भेज देंगे। कई महिलाएं शर्म या डर के कारण पैसों का नुकसान सहकर भी मामले की शिकायत नहीं करतीं।

कैसे करें इस साइबर ठगी से बचाव

अनजान प्रोफाइल से बातचीत करने से बचना सबसे सरल उपाय है। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, असली कस्टम विभाग फोन पर पैसे नहीं मांगता और किसी विदेशी गिफ्ट के लिए बिना कागजात के शुल्क नहीं लग सकता। महंगे गिफ्ट का लालच, वीडियो कॉल से बचने वाला पार्टनर या जल्दी शादी का प्रस्ताव ये सभी संकेत हैं कि मामला संदिग्ध है।

अगर किसी भी तरह का संदेह हो या कोई धमकी मिले तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज की जानी चाहिए। ठगों के खिलाफ समय पर रिपोर्ट दर्ज करना अगली संभावित घटनाओं को रोकने में मदद करता है।

Leave a comment