बिहार, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 6 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती निकली है। जूनियर रेजिडेंट, जूनियर इंजीनियर, आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर सहित कई पद शामिल हैं। आवेदन की तारीखें अलग-अलग हैं।
Madhya Pradesh: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए बिहार से बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग और बिहार टेक्निकल सेवा आयोग (BTSC) ने हजारों पदों पर भर्तियों की घोषणा की है। बिहार स्वास्थ्य विभाग में जूनियर रेजिडेंट के कुल 2809 पदों पर भर्ती निकली है। यह भर्ती बिहार कंबाइंड एंट्रेंस कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन बोर्ड (BCECEB) द्वारा की जा रही है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 6 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस पद के लिए उम्मीदवार के पास MBBS डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही, MCI या NMC में रजिस्ट्रेशन भी जरूरी है।
इसके अलावा बिहार टेक्निकल सेवा आयोग ने जूनियर इंजीनियर के 1445 पदों पर भर्ती निकाली है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया BTSC की आधिकारिक वेबसाइट पर चल रही है। आवेदन करने की आखिरी तारीख 30 जनवरी 2026 तय की गई है। इस भर्ती के लिए संबंधित ब्रांच में डिप्लोमा होना जरूरी है। उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 से 37 वर्ष रखी गई है।
मध्य प्रदेश और तेलंगाना में भी मौके
बिहार के अलावा मध्य प्रदेश और तेलंगाना में भी सरकारी नौकरी के अच्छे अवसर सामने आए हैं। मध्य प्रदेश में आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर के कुल 1120 पदों पर भर्ती निकली है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और उम्मीदवार 31 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

आईटीआई ट्रेनिंग ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही संबंधित ट्रेड में आईटीआई, इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी में डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। इस भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
वहीं तेलंगाना में डिस्ट्रिक्ट कोर्ट भर्ती 2026 के तहत 859 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती में मिनिस्ट्रियल और सबऑर्डिनेट स्टाफ के पद शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया तेलंगाना हाईकोर्ट की वेबसाइट tshc.gov.in पर शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 13 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
बैंकिंग सेक्टर में भी अवसर
सरकारी नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए बैंकिंग सेक्टर में भी मौका है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में मार्केटिंग ऑफिसर समेत अन्य पदों पर कुल 350 वैकेंसी निकाली गई हैं। इस भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें। सभी भर्तियों की योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क अलग-अलग है। समय रहते आवेदन कर सरकारी नौकरी पाने का सपना पूरा किया जा सकता है।











