Pune

Bihar Politics: NDA की सरकार बनी तो कौन बनेगा मुख्यमंत्री? JDU नेता संजय झा के बयान से सियासी हलचल तेज

Bihar Politics: NDA की सरकार बनी तो कौन बनेगा मुख्यमंत्री? JDU नेता संजय झा के बयान से सियासी हलचल तेज

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय कुमार झा ने सोमवार को एक बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के बाद भी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे।

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी हलचल तेज होती जा रही है। इस बीच जेडीयू (JDU) के कद्दावर नेता और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सांसद संजय कुमार झा (Sanjay Kumar Jha) के बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। संजय झा ने रविवार को कहा कि अगर बिहार में एनडीए (NDA) की सरकार बनती है, तो अगले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ही होंगे।

उनके इस बयान के बाद यह सवाल फिर से चर्चा में है कि—क्या नीतीश कुमार ही एनडीए का चेहरा बने रहेंगे या चुनाव के बाद सत्ता समीकरण में कोई नया नाम सामने आ सकता है?

नीतीश कुमार ही होंगे मुख्यमंत्री – संजय झा का बड़ा बयान

दरभंगा में जनसभा को संबोधित करते हुए जेडीयू नेता संजय झा ने कहा, चुनाव के बाद अगले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। दरभंगा की सभी 10 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। बिहार में एनडीए की लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने चहुंमुखी विकास किया है।

राज्य की जनता लालू-राबड़ी राज को आज भी नहीं भूल पाई है। उस समय लोग शाम होते ही घर से निकलने से डरते थे, लेकिन नीतीश कुमार के शासन में आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस करती है,” उन्होंने कहा।

विकास और रोजगार पर बोले संजय झा

जनसभा के दौरान जेडीयू नेता ने कहा कि चुनाव के बाद राज्य में कल-कारखानों का जाल बिछाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मखाना बोर्ड के गठन से बिहार के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने और युवाओं के रोजगार अवसर बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं।

नीतीश कुमार ने बिहार को नई दिशा दी है। एनडीए की सरकार ही विकास की गारंटी है, उन्होंने कहा। संजय झा के बयान के बाद राजनीतिक विश्लेषकों और विपक्षी दलों ने इसे अलग-अलग तरह से लिया है। कुछ का कहना है कि यह बयान नीतीश कुमार की नेतृत्व स्थिति को स्पष्ट करता है, जबकि कुछ का मानना है कि भाजपा और जेडीयू के बीच सीट बंटवारे और नेतृत्व को लेकर भीतरखाने मतभेद हैं, जिन्हें यह बयान शांत करने की कोशिश हो सकती है।

दरभंगा में मतदाता जागरूकता अभियान

वहीं, दरभंगा जिले के छोटी काजीपुरा में रविवार को युवाओं ने मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। महबूब फैजी उर्फ नदीम ने युवाओं को वोट देने के महत्व के बारे में बताया और कहा कि अगर हमें अपने बिहार का भविष्य सुधारना है, तो हमें मतदान जरूर करना होगा। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने छह नवंबर को सबसे पहले वोट देने की शपथ ली। इस दौरान लालबाबू अंसारी, तमन्ना अंसारी, राजा अंसारी, जमाल अंसारी, आमिर अंसारी और सरोज ने भी भाग लिया।

Leave a comment