बिल गेट्स ने स्टाफ के सामने स्वीकार किया कि जेफरी एपस्टीन के साथ संबंध उनकी सबसे बड़ी गलती थी। उन्होंने कहा कि यह फाउंडेशन की प्रतिष्ठा के लिए नुकसानदेह रहा और इस पर माफी मांगी। पूर्व पत्नी की चेतावनी को नजरअंदाज करना भी बड़ी भूल थी।
World News: दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार बिल गेट्स इन दिनों बड़े विवादों के केंद्र में हैं। हाल ही में ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के अनुसार, गेट्स ने अपने चैरिटी फाउंडेशन के कर्मचारियों के सामने स्वीकार किया कि जेफरी एपस्टीन के साथ संबंध रखना उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी। उन्होंने खुलकर कहा कि उनके फैसलों ने गेट्स फाउंडेशन की छवि को नुकसान पहुंचाया है और इसके लिए उन्होंने माफी मांगी है।
एपस्टीन से संबंध को बताया सबसे बड़ी भूल
बिल गेट्स ने बताया कि उनके और एपस्टीन के बीच संबंध 2011 में शुरू हुए, जबकि उन्हें पहले से पता था कि एपस्टीन पर नाबालिगों के यौन शोषण के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि यह एक बड़ी भूल थी, जिसने उनके और फाउंडेशन के काम की प्रतिष्ठा को धूमिल किया। गेट्स ने कहा कि उन्होंने अपने स्टाफ को भी इस संबंध में शामिल किया, जिससे फाउंडेशन के लिए मुश्किलें बढ़ीं।
उन्होंने कहा, “मेरी गलती के कारण जो लोग इस विवाद में घसीटे गए, उनसे मैं माफी मांगता हूं।” गेट्स ने जोर देकर कहा कि उन्होंने एपस्टीन की पीड़िताओं या अन्य महिलाओं के साथ कभी कोई अवैध संबंध नहीं बनाया।
पूर्व पत्नी की चेतावनी को नजरअंदाज किया
बिल गेट्स ने यह भी माना कि उनकी पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने 2013 में उन्हें एपस्टीन से दूर रहने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने उस समय इस चेतावनी को अनसुना किया, जबकि यह फाउंडेशन के हित में सबसे जरूरी कदम था। गेट्स ने मेलिंडा की ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा, “उन्हें श्रेय देना चाहिए, वह हमेशा एपस्टीन के मामलों में संदेह करती थीं।”

रूसी महिलाओं के साथ अफेयर का खुलासा
गेट्स ने सार्वजनिक रूप से यह भी स्वीकार किया कि उनके दो रूसी महिलाओं के साथ अफेयर थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये महिलाएं एपस्टीन की शिकार नहीं थीं, लेकिन एपस्टीन को इन संबंधों के बारे में पता था। गेट्स ने कहा कि उन्होंने कोई अवैध काम नहीं किया, लेकिन इन फैसलों से गेट्स फाउंडेशन की छवि पर असर पड़ा।
वायरल हुई तस्वीरों पर सफाई
हाल ही में जारी एपस्टीन फाइल्स में कुछ तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें गेट्स कुछ महिलाओं के साथ दिखाई दे रहे थे। गेट्स ने स्पष्ट किया कि ये तस्वीरें एपस्टीन की निर्देश पर उसके सहायक स्टाफ के साथ बैठकों के दौरान ली गई थीं। उन्होंने कहा, “मैंने कभी भी एपस्टीन की पीड़िताओं या अन्य महिलाओं के साथ समय नहीं बिताया।”
फाउंडेशन की प्रतिष्ठा पर प्रभाव
गेट्स ने माना कि उनके एपस्टीन से संबंध और हाल ही में सामने आए ईमेल्स ने गेट्स फाउंडेशन की छवि को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, “यह फाउंडेशन के मूल्यों और उद्देश्यों के बिल्कुल विपरीत है। हमारा काम प्रतिष्ठा के प्रति बेहद संवेदनशील है। लोग हमारे साथ काम करना चाहें या न चाहें, यह उन पर निर्भर है।”
गेट्स फाउंडेशन के प्रवक्ता ने बताया कि बिल गेट्स साल में दो बार टाउनहॉल बैठक करते हैं और इस बार उन्होंने खुलकर सवालों के जवाब दिए और अपनी जिम्मेदारी ली।













