CM Nitish Kumar: बिहार में नई सरकार का बड़ा ऐलान, युवाओं को मिलेगा रोजगार और राज्य बनेगा टेक्नोलॉजी हब

CM Nitish Kumar: बिहार में नई सरकार का बड़ा ऐलान, युवाओं को मिलेगा रोजगार और राज्य बनेगा टेक्नोलॉजी हब

बिहार में एनडीए की नई सरकार बनने के बाद राज्य के विकास पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार, 25 नवंबर 2025 को अपनी रणनीति को साझा किया और आगे की योजनाओं की रूपरेखा पेश की।

पटना: बिहार में एनडीए सरकार के गठन के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के आर्थिक और औद्योगिक परिदृश्य में व्यापक बदलाव का संकल्प लिया है। नई सरकार ने सत्ता संभालते ही बेरोजगारी घटाने, युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराने और बिहार को उद्योग एवं तकनीक का उभरता केंद्र बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करना शुरू कर दिया है। 

नीतीश कुमार ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपनी भविष्य की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि राज्य में रोजगार सृजन, आधुनिक उद्योगों की स्थापना और टेक-आधारित इकॉनमी को गति देने के लिए तेज़ी से कदम उठाए जा रहे हैं।

एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य, बिहार बनेगा न्यू-एज इकॉनमी का केंद्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरी और रोजगार सृजन उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि “सात निश्चय-2” के तहत 2020 से 2025 के बीच राज्य में 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया गया है। नई सरकार आगामी पांच वर्षों (2025-30) में इस संख्या को दोगुना करते हुए 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम कर रही है।

सीएम नीतीश कुमार ने घोषणा की कि बिहार को नई पीढ़ी की तकनीकी और सेवा आधारित अर्थव्यवस्था का केंद्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए देश-विदेश में काम कर रहे बिहार मूल के बड़े उद्यमियों के सुझाव लिए जाएंगे और नई नीतियां तैयार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि बिहार को एक “वैश्विक बैक-एंड हब” और “ग्लोबल वर्कप्लेस” के रूप में स्थापित करने के लिए विशेषज्ञ अर्थशास्त्रियों एवं प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा।

बिहार में उद्योगों का जाल बिछाने की तैयारी

राज्य सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। नीतीश कुमार ने बताया कि बिहार को पूर्वी भारत के नए टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए निम्नलिखित मेगा परियोजनाओं की घोषणा की गई है—

  • डिफेंस कॉरिडोर
  • सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क
  • ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स
  • मेगा टेक सिटी
  • फिनटेक सिटी

सरकार ने उद्योगों के व्यापक विस्तार के लिए एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने का काम भी शुरू कर दिया है। बिहार में चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने की दिशा में भी बड़ा फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया—

नई चीनी मिलों की स्थापना की योजना तैयार है।

  • बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों को फिर से शुरू किया जाएगा।
  • इससे न केवल किसानों को लाभ मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार भी सृजित होगा।
  • बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन की स्थापना

राज्य के शहरों को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए सरकार “बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन” की भी स्थापना कर रही है। उद्योगों और रोजगार से संबंधित परियोजनाओं के नियोजन और निगरानी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित कर दी गई है।

 

Leave a comment