साइक्लोन 'सेन्यार' को लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा यह सिस्टम धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और संभावना जताई जा रही है कि अगले हफ्ते तक यह चक्रवात का रूप ले सकता है।
Cyclone Senyar: बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती तूफान ‘सेन्यार’ बन रहा है, जिसके चलते मौसम विभाग ने तटीय और आसपास के राज्यों में अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह सिस्टम अभी निम्न दबाव के क्षेत्र के रूप में दक्षिण अंडमान सागर में सक्रिय है और अगले कुछ दिनों में मजबूत होकर चक्रवात का रूप ले सकता है।
IMD का ताजा अपडेट
IMD ने चेताया है कि मलक्का और दक्षिण अंडमान सागर में बने इस सिस्टम की गति धीरे-धीरे बढ़ रही है। यह बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ेगा और अनुमानित रूप से 26 नवंबर के आसपास चक्रवात सेन्यार के रूप में विकसित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, यह चक्रवात पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा।
अभी तक यह निश्चित नहीं हो पाया है कि चक्रवात लैंडफॉल कहां करेगा। हालांकि, तटीय बंगाल और इसके आस-पास के हिस्सों में प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
कहाँ और कब टकराने की आशंका
वर्तमान में दक्षिण अंडमान सागर में बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में प्रवेश किया है।
- अगले 48 घंटों में यह सिस्टम और मजबूत होगा।
- 26 नवंबर के आसपास यह चक्रवात पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा।
- लैंडफॉल के सटीक स्थान और समय को लेकर अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।
- IMD ने कहा है कि चक्रवात तमिलनाडु-आंध्र प्रदेश तट या ओडिशा और बांग्लादेश की ओर मुड़ सकता है।
एक बार जब सिस्टम पूर्ण रूप से चक्रवात बन जाएगा, तो स्थिति और स्पष्ट होगी और तटीय राज्यों में आवश्यक तैयारियों को बढ़ाया जाएगा।

कहाँ होगी भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना
IMD ने अगले कुछ दिनों के लिए कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है:
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह
- 25 नवंबर से 28 नवंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश के आसार।
- तेज हवाओं और समुद्री गतिविधियों के चलते नाविकों और मत्स्यकारों के लिए विशेष सतर्कता।
तमिलनाडु और केरल
- 25 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना।
- सोमवार और मंगलवार को विशेष रूप से कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी।
लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश
- 25 नवंबर को भारी बारिश की संभावना।
रायलासीमा क्षेत्र
- सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट।
इस अलर्ट के चलते प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। लोग सतर्क रहें और मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट को नियमित रूप से देखें।











