Pune

देशभर में मानसून का कहर: दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए ताजा मौसम अपडेट

देशभर में मानसून का कहर: दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए ताजा मौसम अपडेट

देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। 

Weather Forecast: भारत में मानसून पूरी रफ्तार में है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले सप्ताह में देशभर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दिल्ली से लेकर उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर तक, मैदानों से लेकर पहाड़ों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं पश्चिमी, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।

दिल्ली-NCR में भी बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर के मौसम को लेकर मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 22 जुलाई 2025 को राजधानी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने के भी संकेत हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अधिकतर स्थानों पर और मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

उत्तर भारत में कहर बरपाएगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, 22 जुलाई से जम्मू-कश्मीर और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड के देहरादून समेत छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

  • जम्मू-कश्मीर: 22 से 23 जुलाई तक भारी बारिश।
  • हिमाचल प्रदेश: 23 से 27 जुलाई तक।
  • उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा: 23 से 24 जुलाई तक।
  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश: 23 और 26-27 जुलाई तक।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश: 25 से 27 जुलाई तक।
  • पूर्वी राजस्थान: 27 जुलाई को भारी बारिश।

गोवा और महाराष्ट्र में तेज बारिश के आसार

पश्चिम भारत के तटीय क्षेत्रों में भी मानसून सक्रिय है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के समुद्री इलाकों में 22 से 27 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

  • मराठवाड़ा: 22 जुलाई को।
  • गुजरात: 22, 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश।
  • इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।

मध्य और पूर्वी भारत में भी बरसेंगे बादल

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में बारिश से राहत के कोई संकेत नहीं हैं।

  • पश्चिम मध्य प्रदेश: 26-27 जुलाई को भारी बारिश।
  • पूर्वी मध्य प्रदेश: 25-27 जुलाई।
  • विदर्भ और झारखंड: 24-25 जुलाई को।
  • छत्तीसगढ़ और ओडिशा: 23-26 जुलाई को भारी बारिश।

इसके साथ ही बिहार, झारखंड और बंगाल के हिस्सों में भी आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश की चेतावनी

  • अंडमान-निकोबार द्वीप समूह: 22 जुलाई।
  • उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम: 22, 25-27 जुलाई।
  • गांगेय पश्चिम बंगाल: 23-27 जुलाई।
  • बिहार, झारखंड: 24-27 जुलाई।
  • इन क्षेत्रों में तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा) और गरज के साथ बारिश जारी रहेगी।

दक्षिण भारत में बारिश 

दक्षिण भारत में भी आने वाले दिनों में कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

  • केरल, कर्नाटक: 25-27 जुलाई।
  • तेलंगाना: 22-23 जुलाई।
  • तटीय कर्नाटक: 22-27 जुलाई।
  • तमिलनाडु: 22 जुलाई।
  • आंध्र प्रदेश, रायलसीमा: 22-23 जुलाई।

साथ ही दक्षिण भारत में अगले 5 दिनों के दौरान तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चल सकती हैं। भारतीय मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों के किनारे रहने वालों के लिए बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि भारी बारिश के कारण सड़क, रेल और एयर ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है।

Leave a comment