झुंझुनूं पुलिस ने कुम्भाराम लिफ्ट परियोजना से चोरी हुए 100 पाइप मामले में दिल्ली से चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब तक 84 पाइप बरामद कर चुकी है और बाकी पाइपों व नेटवर्क का पता लगाने में लगी है।
Jhunjhunu: झुंझुनूं पुलिस ने जल जीवन मिशन के तहत कुम्भाराम लिफ्ट परियोजना में चोरी के आरोप में दिल्ली निवासी लवली आनंद (40) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि पूर्व में पकड़े गए तीन आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लवली को पकड़ने में सफलता मिली। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 29 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि लवली आनंद मुख्य रूप से चोरी किए गए पाइपों को खरीदने और उन्हें आगे सप्लाई करने का काम करता था। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इस हाईप्रोफाइल चोरी में शामिल सभी आरोपीयों तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
250 किलोमीटर के सीसीटीवी फुटेज से सुराग
चोरी का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। परिवादी विशाल चौधरी (भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी) ने 19 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पिचानवा से किढवाना के बीच रातों-रात 100 पाइप गायब हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर करीब 250 किलोमीटर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साइबर सेल के हेड कांस्टेबल जितेन्द्र थाकन और कांस्टेबल अमित सिहाग की तकनीकी मदद से चोरी में प्रयुक्त टाटा 1916 ट्रक और आई-10 कार की पहचान की गई।
पाइप चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई
इससे पहले अलवर निवासी सुल्तान, जाबिद और शौकीन उर्फ सोहिल को गिरफ्तार किया गया था। अब तक पुलिस ने प्रयुक्त ट्रक और कार के साथ कुल 84 पाइप बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि बाकी पाइपों की बरामदगी और आरोपी की पूछताछ से पूरी चोरी का नेटवर्क उजागर होगा। थानाधिकारी आशाराम गुर्जर ने बताया कि पुलिस अब मामले की पूरी जांच कर रही है और पाइप चोरी के पीछे जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।










