दक्षिण अफ्रीका के लिम्पोपो प्रांत में एक बस खाई में गिर गई, जिसमें 42 लोगों की मौत हो गई। कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। राहत और बचाव अभियान जारी है।
Bus Accident: दक्षिण अफ्रीका में एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। लिम्पोपो प्रांत के पर्वतीय इलाके में एक बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा सोमवार को राजधानी प्रिटोरिया से लगभग 400 किलोमीटर उत्तर में स्थित लुई ट्रिचर्ड शहर के पास N1 हाईवे पर हुआ।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस में सवार यात्री दक्षिण अफ्रीका के ईस्टर्न केप से सफर कर रहे थे और अपने-अपने देशों की ओर जा रहे थे। हादसा उस वक्त हुआ जब बस तेज मोड़ पर संतुलन खो बैठी और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
अधिकारियों ने दी जानकारी
सड़क यातायात प्रबंधन निगम (Road Traffic Management Corporation) के प्रवक्ता साइमन जवाने ने बताया कि घटनास्थल पर राहत अभियान जारी है। अब तक 42 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायल यात्रियों की हालत बेहद नाजुक है।
लिम्पोपो प्रांतीय सरकार ने बयान जारी करते हुए कहा कि दुर्घटना बेहद खतरनाक पहाड़ी मार्ग पर हुई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
राहत एवं बचाव टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को नजदीकी मखाडो और पोलोकवाने अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सरकार ने स्थानीय हेल्थ डिपार्टमेंट को सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
सरकारी बयान में कहा गया कि बस में सवार ज्यादातर लोग जिम्बाब्वे (Zimbabwe) और मलावी (Malawi) के नागरिक थे, जो दक्षिण अफ्रीका से अपने गृह देशों की ओर जा रहे थे। कई यात्रियों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने जताया गहरा दुख
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा (Cyril Ramaphosa) ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुखद घटना पूरे देश के लिए एक बड़ी त्रासदी है। उन्होंने कहा, “यह दुख इस वजह से और गहरा हो जाता है कि यह हादसा हमारे वार्षिक परिवहन माह (Transport Month) के दौरान हुआ है, जब हम सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हैं।”
रामफोसा ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने संबंधित मंत्रालयों को हादसे की जांच कर रिपोर्ट जल्द पेश करने का निर्देश दिया है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
लिम्पोपो प्रांत पहले भी ऐसे दर्दनाक हादसों का गवाह बन चुका है। पिछले वर्ष इसी इलाके में एक बस पुल से फिसलकर खाई में गिर गई थी, जिसमें 45 लोगों की मौत हो गई थी। उस बस में बोत्सवाना (Botswana) के नागरिक सवार थे, जो दक्षिण अफ्रीका में ईस्टर चर्च समारोह में भाग लेने जा रहे थे। उस हादसे में केवल एक 8 वर्षीय बच्ची ही जीवित बची थी।