पलामू के मोहम्मदगंज-जपला मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में 30 वर्षीय रवि कुमार की मौत हो गई। कार चालक और अन्य यात्री घायल हैं। वहीं, रवि के 80 वर्षीय चाचा का निधन भी उसी दिन हुआ, जिससे परिवार पर दोहरा दुख पड़ा।
Jharkhand: रवि कुमार (30) जपला भट्टी मोड़ के रहने वाले थे और ऑटो चालक थे। मंगलवार को वह सवारियों को लेकर जा रहे थे, तभी मोहम्मदगंज निवासी राजू मेहता के ऑटो से उनका ऑटो टकरा गया। इस टक्कर से बचने के प्रयास में पीछे से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।
इस भीषण हादसे में रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चालक सहित आठ अन्य लोग घायल हुए। रवि के 80 वर्षीय चाचा गणेश दास का निधन भी उसी दिन हुआ था, जिससे परिवार पर दोहरा दुख टूट पड़ा।
हादसा कैसे हुआ
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ऑटो और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के समय कार में मध्य प्रदेश जा रहे कुल आठ लोग सवार थे। हादसे में कार चालक गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हुए।

ऑटो की टक्कर से मोहम्मदगंज निवासी माहुर के अजय भुइयां की 16 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी और बृज मोहन यादव के 24 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को कराया अस्पताल में भर्ती
सभी घायलों को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारण सड़क पर खड़ी गाड़ियों और वाहन के परखच्चे उड़ गए थे, जिससे आसपास का माहौल डरावना बन गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने ले गई और घायलों के इलाज का इंतजाम किया।
परिवार सदमे में
रवि कुमार की मौत ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घर में अभी भी चाचा गणेश दास की अर्थी नहीं उठी थी कि भतीजे की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया। एक ही दिन में दो मौतों से पूरे गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना से एएसआई कयामुद्दीन अंसारी, प्रद्युम्न पासवान और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई कर रही है।











