अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला पर जल्द सैन्य हमले का संकेत देते हुए कहा कि ड्रग नेटवर्क को खत्म करने के लिए जमीन पर कार्रवाई होगी। कैरिबियन में हाल के अमेरिकी हमलों और बढ़ते तनाव को देखते हुए विशेषज्ञ स्थिति को बेहद संवेदनशील मान रहे हैं।
America: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के कथित ड्रग तस्करों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अमेरिका बहुत जल्द वेनेजुएला की जमीन पर हमला शुरू करेगा। ट्रंप ने साफ कहा कि “मुझे पता है बुरे लोग कहां रहते हैं, और हम उन पर जल्द कार्रवाई करने जा रहे हैं।” हाल के घटनाक्रम इस बात की ओर संकेत देते हैं कि दोनों देशों के रिश्तों में आने वाले दिनों में और भी कड़वाहट बढ़ सकती है।
कैरिबियन में संदिग्ध नावों पर हवाई हमलों के बाद नया विवाद
पिछले कुछ समय से अमेरिकी सेना ने कैरिबियन Sea में कथित वेनेजुएला के ड्रग तस्करों की नावों पर कई बार हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में अब तक 80 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इन घटनाओं ने अमेरिका की सैन्य कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और ट्रंप प्रशासन पर दबाव बढ़ा है।
इसी विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कैबिनेट मीटिंग के दौरान स्पष्ट कहा कि ड्रग नेटवर्क को खत्म करने के लिए अमेरिका अब सिर्फ समुद्र में नहीं, बल्कि वेनेजुएला की जमीन पर भी हमले करने जा रहा है। ट्रंप ने कहा कि “जमीन पर हमला करना आसान है। हमें पता है कि वे लोग कहां छिपे हैं।”
कैबिनेट मीटिंग में ट्रंप का बड़ा बयान

मंगलवार को हुई कैबिनेट मीटिंग के दौरान ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला में ड्रग व्यापार का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है और इसे रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास पुख्ता जानकारी है कि कौन-से लोग इस तस्करी में शामिल हैं और वे कहां रहते हैं। इसी आधार पर अमेरिका अब अंदरूनी इलाके तक सैन्य कार्रवाई बढ़ाने की तैयारी में है।
80 से ज्यादा मौतों के बाद ट्रंप प्रशासन पर उठे सवाल
कैरिबियन में कथित ड्रग जहाजों पर अमेरिकी हमलों के बाद यह मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गरमा गया है। अब तक 80 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जिससे कई मानवाधिकार संगठनों ने इन हमलों की जांच की मांग की है।
हमलों के बाद ट्रंप प्रशासन के कई अधिकारियों से पूछताछ हुई है। ट्रंप ने रक्षा सचिव (War Secretary) पीट हेगसेथ का बचाव करते हुए कहा कि न तो उन्हें और न ही हेगसेथ को दूसरे हमले के बारे में कोई जानकारी थी।
दूसरे हमले को लेकर ट्रंप ने क्या कहा
ट्रंप ने कहा कि US मिलिट्री ने 2 सितंबर को एक और हमला किया, जबकि शुरुआत में किए गए हमले में सभी लोग नहीं मारे गए थे। इस पर ट्रंप ने टिप्पणी की कि “मुझे दूसरे हमले के बारे में कुछ पता नहीं था। मुझे यह भी नहीं पता था कि जहाज पर कौन था। मैं इसमें शामिल नहीं था। मुझे बस इतना पता था कि उन्होंने एक नाव उड़ाई थी, और इतना मैं कह सकता हूं कि उन्होंने हमला जरूर किया था।”
War Secretary का स्पष्टीकरण
वॉर सेक्रेटरी पीट हेगसेथ ने बताया कि उन्होंने पहला हमला लाइव देखा था। हमले के तुरंत बाद उन्हें दूसरी मीटिंग में जाना पड़ा। उनका कहना है कि उन्हें दूसरे हमले के बारे में कई घंटे बाद जानकारी मिली।
हेगसेथ ने कहा कि “मैंने किसी को जिंदा नहीं देखा। जहाज पर आग लगी हुई थी। इसे फॉग ऑफ वॉर कहते हैं।” फॉग ऑफ वॉर (Fog of War) का मतलब ऐसी स्थिति से होता है जब युद्ध के समय जमीन पर क्या हो रहा है, इसकी स्पष्ट जानकारी कमांडरों को तुरंत नहीं मिल पाती।












