Columbus

गौरव गोगोई पर हिमंता सरमा का हमला, पाकिस्तान कनेक्शन और विदेशी नागरिकता पर उठे सवाल

गौरव गोगोई पर हिमंता सरमा का हमला, पाकिस्तान कनेक्शन और विदेशी नागरिकता पर उठे सवाल

असम CM हिमंता बिस्वा सरमा ने गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से संबंध होने और विदेशी नागरिकता के कारण भारत छोड़ सकने का आरोप लगाया। संसद में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर गोगोई के बयान के बाद विवाद बढ़ा।

CM Himanta: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने लोकसभा में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के 'ऑपरेशन सिंदूर' पर दिए गए भाषण को लेकर उन पर सीधा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने गोगोई को "असम के लिए कलंक" बताते हुए यह भी दावा किया कि उनकी पत्नी और बच्चों की विदेशी नागरिकता के चलते वे कभी भी भारत छोड़ सकते हैं। वहीं, गोगोई ने संसद में सरकार से ऑपरेशन सिंदूर के अचानक समाप्त होने को लेकर तीखे सवाल पूछे थे। यह पूरा मामला अब राष्ट्रीय सुरक्षा और राजनीतिक विश्वास के बड़े विमर्श में बदलता दिख रहा है।

संसद में गौरव गोगोई के बयान से मचा सियासी बवाल

लोकसभा में विपक्ष के उपनेता और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बोलते हुए केंद्र सरकार पर कई तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट था और पाकिस्तान की ओर से झुकाव दिख रहा था, तब अचानक युद्धविराम क्यों हुआ?

गोगोई का कहना था कि, "पीएम मोदी का पूरा देश समर्थन कर रहा था। लेकिन 10 मई को हमें युद्धविराम की जानकारी मिली। क्यों? जब पाकिस्तान झुकने को तैयार था तो आपने ऑपरेशन रोका क्यों?"

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार दावा किया था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को खत्म करने में मध्यस्थता की थी। ऐसे में सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि युद्धविराम वास्तव में किसके कहने पर और किन परिस्थितियों में हुआ।

हिमंता बिस्वा सरमा का पलटवार

गोगोई के इन बयानों के बाद असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर तीखा पलटवार किया। उन्होंने गोगोई का नाम लिए बिना लिखा, "कल संसद में जोरहाट से हमारे सांसद के भाषण से यह संदेह से परे स्पष्ट हो गया कि वे पाकिस्तान की ओर से काम कर रहे हैं। उनकी गुप्त यात्राएं और पाकिस्तानी प्रतिष्ठान से संबंध बहुत कुछ कह रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि गोगोई की पत्नी और दोनों बच्चों की विदेशी नागरिकता है, और इस वजह से वे किसी भी समय देश छोड़ सकते हैं। सरमा ने इसे असम के लिए अपमानजनक और देश के गौरव के साथ "विश्वासघात" करार दिया।

विदेशी नागरिकता और ‘पाकिस्तान कनेक्शन’ पर गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के आरोप सामान्य राजनीतिक टिप्पणी नहीं थे। उन्होंने गोगोई पर यह आरोप तक लगा दिया कि उनकी गतिविधियां पाकिस्तान के हित में हैं और उन्होंने संसद में जो कहा, वह भारतीय राष्ट्रीय हितों के विपरीत था।

उन्होंने आगे कहा गया कि गौरव गोगोई की "गुप्त यात्रा" और पाकिस्तानी प्रतिष्ठानों से उनका कथित संपर्क सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। हालांकि, अब तक इस तरह के किसी भी आरोप के समर्थन में कोई ठोस सबूत सार्वजनिक नहीं किया गया है, और कांग्रेस की ओर से भी इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है।

ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा 

'ऑपरेशन सिंदूर' भारत द्वारा पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया एक सैन्य अभियान था। इस ऑपरेशन में शामिल तीनों आतंकियों को मार गिराया गया था। गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में इसे "सशक्त, सफल और निर्णायक" करार दिया था। लेकिन गोगोई की आलोचना थी कि जब पाकिस्तान घुटने टेक रहा था, तब भारत को सैन्य दृष्टि से और आगे बढ़ना चाहिए था। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार ने पाकिस्तान से कब्जे वाला क्षेत्र वापस लेने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया, तो यह आधा-अधूरा निर्णय क्यों था?

Leave a comment