Columbus

गुजरात: गोधरा में दशहरे पर बुलडोजर कार्रवाई, 33 अवैध अतिक्रमण ध्वस्त

गुजरात: गोधरा में दशहरे पर बुलडोजर कार्रवाई, 33 अवैध अतिक्रमण ध्वस्त

गुजरात के पंचमहल जिले में दशहरे पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोधरा में असामाजिक तत्वों के 33 अवैध कब्जों को बुलडोजर से ढहा दिया। कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच चला यह अभियान स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।

पंचमहल: गुजरात के पंचमहल जिले के गोधरा में विजयादशमी के अवसर पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए 33 अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यह अभियान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच नागा तलावड़ी क्षेत्र में चलाया। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम कानून व्यवस्था मजबूत करने और आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

मंगलवार को प्रशासन ने पांच जेसीबी मशीनों की मदद से सरकारी जमीन पर बने पक्के मकानों और अन्य संरचनाओं को ढहा दिया। जिन संपत्तियों को गिराया गया, वे सभी उन लोगों की थीं जो लंबे समय से असामाजिक गतिविधियों में लिप्त थे।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. हरेश दुधात ने जानकारी दी कि शहर में अपराधियों और असामाजक तत्वों ने सरकारी भूमि पर कब्जा जमाकर इसे अपनी गतिविधियों का अड्डा बना रखा था। लगातार मिल रही शिकायतों और खुफिया रिपोर्ट्स के आधार पर प्रशासन ने दशहरे के दिन यह सख्त कदम उठाया।

प्रशासन टीम की सख्त कार्रवाई

अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग और बिजली कंपनी MGVCL की टीमें मौजूद रहीं। कार्रवाई से पहले पूरे इलाके को पुलिस बल ने घेर लिया ताकि किसी तरह का विरोध या उपद्रव न हो सके।

अधिकारियों ने बताया कि कुल 35 संपत्तियों की लिस्ट बनाई गई थी। इनमें से 33 पर बुलडोजर चला दिया गया, जबकि बाकी दो मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई भविष्य में भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

विजयादशमी पर असत्य पर सत्य की जीत

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुधात ने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है और इसी भावना के साथ यह एक्शन लिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि अपराध, चोरी, अवैध गतिविधियों और आम नागरिकों को परेशान करने वाले लोगों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान केवल अवैध निर्माण हटाने तक सीमित नहीं है बल्कि यह अपराधियों को चेतावनी भी है कि गोधरा में अब कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनता ने प्रशासन की सख्त कार्रवाई को सराहा

इस बड़े एक्शन का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। उनका कहना है कि लंबे समय से इलाके में असामाजिक तत्वों का बोलबाला था, जिसकी वजह से आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। कई बार शिकायतें की गईं लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था।

लोगों ने कहा कि दशहरे के दिन हुई यह कार्रवाई असल मायनों में बुराई पर अच्छाई की जीत है। यह घटना न सिर्फ प्रशासन की सख्ती का सबूत है बल्कि आगे आने वाले दिनों में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का भी ऐलान है।

Leave a comment