Pune

Harry Potter TV Series: शुरू हुआ 'हैरी पॉटर' का प्रोडक्शन, निर्माताओं ने जारी किया पहला लुक

Harry Potter TV Series: शुरू हुआ 'हैरी पॉटर' का प्रोडक्शन, निर्माताओं ने जारी किया पहला लुक

'हैरी पॉटर' टीवी सीरीज के प्रोडक्शन की आधिकारिक तौर पर शुरुआत हो चुकी है। इस बात की पुष्टि खुद निर्माताओं ने कर दी है। सोमवार को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म HBO Max ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए इस बड़ी खबर को साझा किया।

एंटरटेनमेंट: दुनियाभर के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मशहूर 'हैरी पॉटर' फ्रेंचाइजी अब एक बार फिर वापसी के लिए तैयार है, लेकिन इस बार फिल्म नहीं, बल्कि एचबीओ मैक्स के जरिए टीवी सीरीज के रूप में। लंबे समय से जिस प्रोजेक्ट को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, अब उसका प्रोडक्शन आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुका है।

एचबीओ मैक्स ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की पुष्टि कर दी है कि 'हैरी पॉटर' टीवी सीरीज का शूटिंग काम शुरू हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने सीरीज के मुख्य किरदार 'हैरी पॉटर' का फर्स्ट लुक भी शेयर कर दिया है, जिसे देखकर फैंस बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।

डोमिनिक मैकलॉघलिन निभाएंगे हैरी पॉटर का किरदार

इस बार 'हैरी पॉटर' के किरदार में अभिनेता डोमिनिक मैकलॉघलिन नजर आएंगे। डोमिनिक के सामने अब एक बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि वह उस किरदार को निभाने जा रहे हैं, जिसे डैनियल रैडक्लिफ ने फिल्मों के जरिए अमर बना दिया था और जिसे करोड़ों दर्शकों ने दिल से चाहा था। एचबीओ मैक्स ने इंस्टाग्राम पर जो पहली तस्वीर साझा की है, उसमें डोमिनिक हॉगवर्ट्स स्कूल यूनिफॉर्म में क्लैपबोर्ड पकड़े नजर आ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने हैरी पॉटर का गोल चश्मा भी पहन रखा है, जो फैंस के लिए बेहद खास और आइकॉनिक लुक बन चुका है।

फैंस का मिला शानदार रिस्पॉन्स

जैसे ही यह तस्वीर सोशल मीडिया पर आई, फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। किसी ने कहा, हैरी के रूप में आप बहुत अच्छे लग रहे हो। तो किसी ने लिखा, आपको बधाई, छोटे हैरी, हर नफरत करने वालों से खुद को बचाना। एक फैन ने लिखा, वाह! बिल्कुल असली हैरी पॉटर की तरह लग रहे हो। मैं हैरी पॉटर का सबसे बड़ा फैन हूं। बहुत खुश हूं।

एचबीओ मैक्स की यह नई सीरीज जे.के. रोलिंग की 'हैरी पॉटर' किताबों पर पूरी तरह आधारित होगी। मेकर्स का कहना है कि यह सीरीज पहली बार किताबों की हर बारीकी को गहराई से दिखाएगी। यानी वो कई डिटेल्स, सब-प्लॉट्स और किरदार भी देखने को मिलेंगे, जिन्हें फिल्मों में जगह नहीं मिल पाई थी। हर सीजन एक किताब को समर्पित होगा, यानी 'हैरी पॉटर' के सातों भागों को विस्तार से दिखाया जाएगा। इससे फैंस को किताबों जैसा असली अनुभव मिलेगा।

नई जनरेशन के लिए नया जादू

डोमिनिक मैकलॉघलिन की कास्टिंग यह साफ कर देती है कि मेकर्स नई पीढ़ी के लिए एक बिल्कुल फ्रेश स्टारकास्ट के साथ यह सीरीज लेकर आ रहे हैं। यह सीरीज न केवल पुराने फैंस के लिए एक नॉस्टैल्जिया ट्रिप होगी बल्कि नई पीढ़ी के लिए भी जादू और रोमांच से भरी नई शुरुआत होगी। 'हैरी पॉटर' किताबें और फिल्में दुनियाभर में बेहद लोकप्रिय रही हैं। 

डैनियल रैडक्लिफ, एमा वाटसन और रुपर्ट ग्रिंट के साथ बनी यह सीरीज अब तक 800 करोड़ डॉलर से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। फिल्में हो या किताबें, हर बार हैरी पॉटर फैंस ने इसे सिर आंखों पर बिठाया है।

Leave a comment