वाणी कपूर बॉलीवुड की जानी-मानी और टैलेंटेड एक्ट्रेसेस में शुमार की जाती हैं। उन्होंने अपनी खूबसूरती, एक्टिंग और मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में एक खास पहचान बनाई है।
Vaani Kapoor Education: वाणी कपूर आज बॉलीवुड की उन एक्ट्रेसेस में गिनी जाती हैं जिन्होंने मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक खास जगह बनाई है। अभिनय के साथ-साथ उनकी ग्रेस, स्किल्स और लगन ने उन्हें एक सफल अभिनेत्री बना दिया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि वाणी कपूर कभी हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में काम कर चुकी हैं और फिर किस्मत ने उन्हें बॉलीवुड तक पहुंचाया?
दिल्ली में जन्म, सामान्य परिवार से शुरुआत
वाणी कपूर का जन्म 23 अगस्त 1988 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता शिव कपूर एक बिजनेसमैन हैं, जो फर्नीचर का कारोबार करते हैं। वहीं उनकी मां डिम्पी कपूर एक स्कूल टीचर रह चुकी हैं। वाणी का पालन-पोषण एक पढ़े-लिखे और सुसंस्कृत परिवार में हुआ, जहां शिक्षा को प्राथमिकता दी जाती थी। वाणी कपूर ने अपनी स्कूली पढ़ाई दिल्ली के माता जय कौर पब्लिक स्कूल से पूरी की।
इसके बाद उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से टूरिज्म में ग्रैजुएशन किया। इस कोर्स के दौरान ही उन्होंने ओबेरॉय होटल्स और ITC ग्रुप जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में इंटर्नशिप की। इस दौरान उनका झुकाव हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की ओर था और उन्होंने इस क्षेत्र में करियर बनाने का मन बना लिया था। लेकिन वक़्त को कुछ और मंज़ूर था।
मॉडलिंग की दुनिया में कदम
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में काम करने के दौरान ही वाणी कपूर की पर्सनालिटी और ग्लैमरस अपील ने एलीट मॉडल मैनेजमेंट की नजर खींची। वाणी को इस एजेंसी ने साइन किया और इसके बाद उन्होंने फैशन और मॉडलिंग इंडस्ट्री में काम करना शुरू किया। यहां से उनके सफर को नया मोड़ मिला और उन्होंने एक्टिंग की ओर कदम बढ़ाया।
फिल्मी करियर की शुरुआत – एक धमाकेदार डेब्यू
वाणी कपूर ने साल 2013 में यशराज बैनर की फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ से बॉलीवुड डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ सुशांत सिंह राजपूत और परिणीति चोपड़ा थे। वाणी की परफॉर्मेंस को दर्शकों और आलोचकों ने खूब सराहा और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस अवॉर्ड भी मिला। अपने डेब्यू के बाद वाणी कपूर ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स में काम किया।
उन्होंने रणवीर सिंह के साथ ‘बेफिक्रे’, ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ के साथ ‘वॉर’, और रणबीर कपूर के साथ ‘शमशेरा’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया। हाल ही में उन्हें अजय देवगन के साथ फिल्म ‘रेड 2’ में देखा गया, जिसमें उनकी एक्टिंग को काफी सराहा गया।
वेब सीरीज में भी आजमा रही हैं किस्मत
वाणी कपूर अब डिजिटल स्पेस में भी एक्टिव हो गई हैं। वर्तमान में वह अपनी अपकमिंग वेब सीरीज ‘मंडला मर्डर्स’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। ओटीटी पर भी वाणी अपनी एक अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही हैं। वाणी कपूर का सफर यह दिखाता है कि एक आम परिवार से आने वाली लड़की भी अगर खुद पर भरोसा रखे और मेहनत करे तो बॉलीवुड जैसे बड़े मंच पर भी अपनी जगह बना सकती है। उन्होंने न केवल शैक्षणिक रूप से खुद को सशक्त बनाया, बल्कि मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में भी अपने हुनर से सबको प्रभावित किया।