भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 30 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 4-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारत ने चौथे टी20 मुकाबले में श्रीलंका को 30 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। रविवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम छह विकेट पर 191 रन ही बना सकी। श्रीलंका के लिए कप्तान चामरी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी और वैष्णवी शर्मा ने दो-दो विकेट झटके, जबकि श्री चरणी को एक सफलता मिली।
मंधाना–शेफाली की रिकॉर्ड साझेदारी
रविवार को खेले गए इस मैच में श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि यह फैसला टीम के लिए सही साबित नहीं हुआ, क्योंकि भारतीय ओपनर्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और श्रीलंकाई गेंदबाजों को दबाव में ला दिया। भारत की ओर से स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 162 रन की विशाल साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
- स्मृति मंधाना ने 80 रनों की शानदार पारी खेली
- शेफाली वर्मा ने 79 रन बनाए
इन दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में सिर्फ दो विकेट खोकर 221 रन बनाए। यह स्कोर भारतीय महिला टीम का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भारत ने पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ 217/4 का स्कोर बनाया था। मध्यक्रम में ऋचा घोष ने तेजतर्रार 40 रन जोड़े, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर 16 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को मजबूत अंत दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की कोशिश
222 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी रही। हसिनी परेरा और कप्तान चामरी अटापट्टू ने पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की और भारत को शुरुआती झटका देने की कोशिश की। हालांकि, अरुंधति रेड्डी ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए परेरा को 33 रन पर आउट किया। इसके बाद श्रीलंका की पारी दबाव में आ गई। कप्तान अटापट्टू ने संघर्ष करते हुए 52 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।
- इमेशा दुलानी – 29 रन
- निलक्षिका सिल्वा – 23 रन
- हर्षिता समरविक्रमा – 20 रन
इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 191 रन ही बना सकी। भारत की गेंदबाजी भी इस मैच में प्रभावशाली रही। अरुंधति रेड्डी और वैष्णवी शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि श्री चरणी को एक सफलता मिली। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 4-0 की अजेय बढ़त बना ली है।











