साल 2025 भारत के लिए कई दर्दनाक घटनाओं का गवाह बना। महाकुंभ और सार्वजनिक आयोजनों में भगदड़, पहलगाम आतंकी हमला, अहमदाबाद विमान हादसा और दिल्ली कार धमाके ने सैकड़ों जिंदगियां छीन लीं। इन घटनाओं ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आतंरिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
Year Ender 2025: साल 2025 में देश ने एक के बाद एक ऐसी त्रासदियां देखीं, जिन्होंने पूरे भारत को झकझोर दिया। प्रयागराज महाकुंभ और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़, बेंगलुरु IPL जश्न हादसा, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला, 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान क्रैश और नवंबर में दिल्ली के लाल किले के पास कार धमाका, इन सभी घटनाओं में सैकड़ों लोगों की जान गई। ये हादसे अलग-अलग जगहों और समय पर हुए, लेकिन वजहें लगभग समान रहीं, लापरवाही, सुरक्षा चूक और प्रशासनिक तैयारी की कमी, जिसने देश को आत्ममंथन पर मजबूर कर दिया।
जब भीड़ और लापरवाही बनी जानलेवा
साल की शुरुआत प्रयागराज महाकुंभ मेले में हुई भगदड़ से हुई। मौनी अमावस्या के दिन संगम तट पर अचानक बैरिकेडिंग टूटने से हालात बेकाबू हो गए। 30 से ज्यादा लोगों की मौत और दर्जनों के घायल होने की खबर ने पूरे देश को सन्न कर दिया। मृतकों में बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की थी, जिसने आयोजन में भीड़ नियंत्रण की पोल खोल दी।
इसी कड़ी में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर महाकुंभ यात्रियों की भीड़ के कारण मची भगदड़ ने रेलवे की तैयारियों पर सवाल खड़े किए। प्लेटफॉर्म पर अव्यवस्था के चलते 18 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा बेंगलुरु में RCB की IPL जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत ने यह साफ कर दिया कि बड़े आयोजनों में सुरक्षा अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

आतंक और हिंसा ने फिर दिखाई क्रूरता
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला साल की सबसे दर्दनाक घटनाओं में शामिल रहा। बैसारन वैली में आतंकियों ने पर्यटकों से धर्म पूछकर गोलीबारी की, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई। यह हमला सिर्फ इंसानियत पर नहीं, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा पर भी सीधा हमला था।
इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया। भारत की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया गया, जबकि देशभर में आतंकवाद के खिलाफ गुस्सा साफ नजर आया। पहलगाम हमला 2025 की उन घटनाओं में शामिल रहा, जिसने पूरे देश को एकजुट होने पर मजबूर कर दिया।
हादसे जिन्होंने दिल दहला दिया
12 जून को अहमदाबाद में हुआ एयर इंडिया विमान हादसा इस साल की सबसे भयावह त्रासदी साबित हुआ। टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद विमान क्रैश हो गया, जिसमें 241 यात्रियों की मौत हो गई। जमीन पर मौजूद लोगों को मिलाकर कुल मृतकों की संख्या 270 से ज्यादा पहुंच गई। यह भारत के विमानन इतिहास का सबसे बड़ा हादसा माना जा रहा है।
साल के अंत में दिल्ली के लाल किले के पास कार में हुए धमाके ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। इस धमाके में 15 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा के घायल होने की पुष्टि हुई। जांच में एक संगठित नेटवर्क के संकेत मिले, जिसके बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।










