IndiGo के CEO Pieter Elbers ने दिया इस्तीफा, तीन महीने पुराने फ्लाइट संकट के बाद लिया फैसला

IndiGo के CEO Pieter Elbers ने दिया इस्तीफा, तीन महीने पुराने फ्लाइट संकट के बाद लिया फैसला

IndiGo के CEO Pieter Elbers ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया। दिसंबर के ऑपरेशनल संकट के तीन महीने बाद यह कदम आया। अब प्रमोटर राहुल भाटिया अस्थायी रूप से एयरलाइन के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Pieter Elbers Resigns: इंडिगो (InterGlobe Aviation) के CEO पीटर एल्बर्स (Pieter Elbers) ने 10 मार्च को अचानक इस्तीफा दे दिया। यह जानकारी कंपनी की ओर से जारी प्रेस रिलीज और स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई। एल्बर्स के इस्तीफे की खबर से एयरलाइन सेक्टर और निवेशकों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

पीटर एल्बर्स ने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। उनका कार्यकाल सितंबर 2022 में शुरू हुआ था और उन्होंने इंडिगो के अंतरराष्ट्रीय विस्तार (Internationalization) में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने कई नए मार्ग और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स शुरू की, जिससे एयरलाइन का नेटवर्क मजबूत हुआ।

फ्लाइट संकट के तीन महीने बाद इस्तीफा

एल्बर्स का इस्तीफा बीते दिसंबर में हुए ऑपरेशनल संकट के तीन महीने बाद आया। दिसंबर 2025 की शुरुआत में इंडिगो को अपने इतिहास का सबसे बड़ा ऑपरेशनल मेल्टडाउन झेलना पड़ा। पायलटों के आराम से जुड़े नए नियम (Flight Duty Time Limit – FDTL) लागू होने के बाद एयरलाइन को भारी नुकसान हुआ।

कंपनी ने कुछ ही दिनों में हजारों फ्लाइट्स कैंसिल की, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। यह संकट इंडिगो की लगभग दो दशक लंबी मजबूत ऑपरेशनल रीयलायबिलिटी को प्रभावित करने वाला था। देश में डोमेस्टिक एविएशन सेक्टर में करीब 65% हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो को लाखों प्रभावित यात्रियों और सरकार के कड़े रुख का सामना करना पड़ा।

नए CEO की जिम्मेदारी

पीटर एल्बर्स के इस्तीफे के बाद एयरलाइन की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से प्रमोटर और मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया संभालेंगे। कंपनी के संचालन को स्थिर बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। निवेशक और मार्केट एक्सपर्ट अब देख रहे हैं कि नई नेतृत्व टीम कंपनी के प्रदर्शन को कैसे संभालती है और ऑपरेशनल सुधार कब तक होगा।

शेयरों पर पड़ा असर

पीटर एल्बर्स के इस्तीफे की खबर से इंडिगो के शेयरों में 10 मार्च को उतार-चढ़ाव देखा गया। शेयर 3.46% बढ़कर 4383.50 रुपये पर बंद हुए। कंपनी की मार्केट कैप लगभग 1.69 लाख करोड़ रुपये है। इंडिगो का 52-वीक हाई 6232.50 रुपये और 52-वीक लो 4035.00 रुपये रहा है। यानी स्टॉक अभी अपने लो लेवल के करीब ट्रेड कर रहा है।

आज यानी 11 मार्च को InterGlobe Aviation के शेयर निवेशकों की नजर में रहेंगे। शेयर बाजार में CEO के इस्तीफे के साथ-साथ क्रूड ऑयल की कीमतों में आई बड़ी गिरावट का असर भी देखने को मिल सकता है।

क्रूड ऑयल कीमतों का असर

10 मार्च को ब्रेंट क्रूड की कीमत 11.16 डॉलर गिरकर 87.80 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। इसी तरह, WTI क्रूड की कीमत 11.32 डॉलर गिरकर 83.45 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुई। क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट एयरलाइन कंपनियों के ऑपरेशन खर्च को कम कर सकती है, जिससे उनके लाभ पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।

Leave a comment