हेमंत सोरेन की दिल्ली में एक शीर्ष BJP नेता से मुलाकात के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। JMM–BJP के संभावित गठजोड़ की चर्चा तेज है, जिससे विधानसभा का नंबर गेम बदलने की अटकलें भी उठ रही हैं।
Jharkhand Politics: झारखंड की राजनीति में इन दिनों बड़ी हलचल है। बिहार में महागठबंधन की करारी हार के बाद झारखंड में भी राजनीतिक सुगबुगाहट बढ़ गई है। इसी बीच खबर है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने हाल ही में दिल्ली में बीजेपी के एक शीर्ष नेता से मुलाकात की। इस मुलाकात ने राज्य की राजनीति में नई अटकलों को जन्म दे दिया है कि क्या सोरेन कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लेने वाले हैं।
JMM–BJP के बीच शुरुआती सहमति के दावे
सियासी गलियारों में चर्चा है कि हेमंत सोरेन की यह बैठक सिर्फ औपचारिक बातचीत नहीं थी। दावे किए जा रहे हैं कि JMM और BJP के बीच साथ आने पर प्रारंभिक सहमति बन चुकी है। यहां तक कहा जा रहा है कि Deputy CM पद को लेकर भी बात लगभग तय हो चुकी है। हालांकि दोनों दलों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ रहा है।

वर्तमान विधानसभा समीकरण
झारखंड विधानसभा में कुल 81 सीटें हैं और बहुमत के लिए 41 सीटों की आवश्यकता होती है। फिलहाल हेमंत सोरेन गठबंधन की सरकार चला रहे हैं। मौजूदा समीकरण इस प्रकार हैं। JMM के पास 34 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 16, राजद के पास 4 और लेफ्ट के पास 2 सीटें हैं। इस तरह महागठबंधन के कुल विधायक 56 हैं, जो सरकार को मजबूत स्थिति में रखते हैं।
NDA के साथ जाने पर बदल जाएगा नंबर गेम
अगर JMM NDA के साथ जाने का फैसला करता है तो विधानसभा का नंबर गेम पूरी तरह बदल जाएगा। नए संभावित समीकरण के अनुसार JMM के 34, BJP के 21, लोजपा के 1, आजसू के 1 और JDU के 1 विधायक होंगे। कुल मिलाकर संख्या 58 हो जाएगी, जो बहुमत से कहीं ज्यादा है।











