जयपुर में तांत्रिक का खेल: खेत से में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर ठगे 21 लाख, मांगी बकरों की बलि

जयपुर में तांत्रिक का खेल: खेत से में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर ठगे 21 लाख, मांगी बकरों की बलि
AI IMAGE

जयपुर में कथित तांत्रिक ने तंत्र विद्या और जमीन में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर 21.25 लाख रुपए की ठगी की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Jaipur: जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में तंत्र विद्या के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। निवारू रोड स्थित लालचंदपुरा निवासी हिम्मत सिंह चौहान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2023 में उसकी बहन के माध्यम से शक्ति सिंह नामक व्यक्ति से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को तंत्र विद्या में निपुण बताया और जमीन में गड़ा धन बताने का दावा किया।

आरोपी ने बताया कि उसने पहले भी तंत्र विद्या के जरिए जमीन में छिपा धन बताया है और बकरों की बलि देकर पूजा करवाई थी। इसी विश्वास को मजबूत करने के लिए उसने बहन के गांव का उदाहरण दिया और हिम्मत सिंह को भी अपने गांव ले जाने की बात कही।

गांव जाकर बताया करोड़ों का सोना-चांदी

आरोपी ने गांव जाकर तंत्र क्रिया करने के लिए 50 हजार रुपए और 5 बकरों की बलि की मांग की। इस पर हिम्मत सिंह ने जून 2024 में 1.25 लाख रुपए नकद दे दिए। इसके बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ पीड़ित को गांव ले गया और खेत में तंत्र क्रिया करने का नाटक किया।

तंत्र क्रिया के बाद आरोपी ने दावा किया कि खेत में 20 से 25 किलो सोना और करीब 15 किलो चांदी गड़ी हुई है। उसने कहा कि इसे निकालने के लिए माता की विशेष पूजा करनी होगी, जिसमें 20 से 25 लाख रुपए का खर्च आएगा।

सम्मोहन का डर दिखाकर ऐंठे लाखों रुपए

इतनी बड़ी रकम नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने खुद को तंत्र विद्या से सम्मोहित करने वाला बताया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपी जो भी कहता था, वह वैसा ही करता चला गया। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह उसे करोड़पति बना देगा, लेकिन इसके लिए महंगी पूजा सामग्री बाहर से मंगवानी पड़ेगी।

इस झांसे में आकर हिम्मत सिंह ने रिश्तेदारों और परिचितों से पैसे उधार लेकर करीब 20 लाख रुपए आरोपी को दे दिए। आरोपी ने कहा कि पूजा सामग्री आने में एक महीने का समय लगेगा।

सच्चाई सामने आने पर हुआ ठगी का खुलासा

एक महीने बाद जब आरोपी का मोबाइल बंद आया तो पीड़ित को शक हुआ। तलाश करने पर आरोपी वैद्यजी के चौराहे के पास मिला, जहां उसने फिर बहाने बनाकर समय निकाल लिया। बाद में जांच करने पर पता चला कि शक्ति सिंह का असली नाम रोशन बावरिया है, जो किशनगढ़ रेनवाल का रहने वाला है।

स्थानीय लोगों से जानकारी लेने पर सामने आया कि आरोपी और उसका परिवार लंबे समय से तंत्र विद्या के नाम पर ठगी कर रहा है। आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 50 ठगी के मामले दर्ज हैं और वह रेनवाल थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।

Leave a comment