भरतपुर के बयाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण सड़क पार कर रही महिला को ट्रेलर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने मेगा हाईवे जाम कर दिया, ड्राइवर हिरासत में है।
Rajasthan: भरतपुर जिले के बयाना कस्बे के गहनौली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। कांदौली गांव के पास घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी और कुचल दिया।
हादसा मंगलवार सुबह करीब 8 बजे का बताया जा रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का पहिया महिला के शरीर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसका शरीर सड़क पर चिपक गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बाड़े से लौटते समय हुई मौत
मृतका की पहचान कांदौली गांव निवासी फूलवती (52) पत्नी रामदेव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, फूलवती रोज की तरह सुबह अपने पशुओं को चारा खिलाने के लिए बाड़े गई थी। चारा डालने के बाद वह घर लौट रही थी।
घर पहुंचने के लिए उसे सड़क पार करनी थी। इसी दौरान बयाना की ओर से आ रहे ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। कोहरे की वजह से न तो महिला ट्रेलर को देख पाई और न ही ड्राइवर समय पर ब्रेक लगा सका।
ट्रेलर का पहिया शरीर के ऊपर से निकला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर का अगला पहिया महिला के शरीर के ऊपर से निकल गया। हादसा इतना भयानक था कि महिला का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और सड़क पर ही चिथड़े बिखर गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दौड़कर ट्रेलर को रुकवाया और चालक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मेगा हाईवे को किया जाम
महिला की दर्दनाक मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने बयाना से फतेहपुर सीकरी जाने वाले मेगा हाईवे को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का कहना था कि जब तक कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं आएगा और उचित कार्रवाई का भरोसा नहीं देगा, तब तक हाईवे नहीं खोला जाएगा। हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
ड्राइवर को लिया हिरासत में
सूचना मिलने पर गहनौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर के चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क से जाम हटाने का प्रयास किया। साथ ही हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में कोहरा और तेज गति को हादसे का कारण बताया जा रहा है।










