लग्जरी लाइफस्टाइल से क्राइम तक! नर्सिंग स्टूडेंट कैसे बनी बॉयफ्रेंड की लूट पार्टनर?

लग्जरी लाइफस्टाइल से क्राइम तक! नर्सिंग स्टूडेंट कैसे बनी बॉयफ्रेंड की लूट पार्टनर?

जयपुर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां बदमाशों ने स्कूल संचालिका की कार और उसका पालतू कुत्ता बंदूक की नोक पर लूट लिया। पुलिस नाकाबंदी के बाद घबराए बदमाश कार छोड़कर जंगल की ओर भाग गए, लेकिन कार में उनकी गर्लफ्रेंड बैठी मिली, जिसे मौके पर पकड़ लिया गया।

Jaipur: जयपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में शनिवार को हुई लूट की इस सनसनीखेज वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया। स्कूल संचालिका अपनी कार से निकल रही थीं, तभी बदमाशों ने हथियार दिखाकर वाहन और उसमें मौजूद पालतू कुत्ता छीन लिया। बदमाश तेजी से शाहपुरा की ओर भागे, लेकिन पुलिस द्वारा लगाए गए नाकाबंदी पॉइंट देखकर घबरा गए और कार को हाईवे पर ही छोड़ जंगल की तरफ भाग निकले। 

जब पुलिस ने छोड़ी गई कार की जांच की तो अंदर एक युवती बैठी मिली, जिसकी पहचान नवसीरत कौर के रूप में हुई,वह मुख्य आरोपी लवजीत की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है। पूछताछ में सामने आया कि युवती बदमाशों के साथ ही घूम रही थी। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी और उसके साथी की तलाश में दबिश दे रही है, जबकि पकड़ी गई युवती से घटना की कड़ी पूछताछ जारी है। 

गर्लफ्रेंड की भूमिका उजागर

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लवजीत की गर्लफ्रेंड नवसीरत कौर सिर्फ साथ नहीं थी, बल्कि वारदात की योजना में सक्रिय रूप से शामिल थी। ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश गौतम के अनुसार, नवसीरत बीएससी नर्सिंग कर चुकी है, लेकिन अपने बॉयफ्रेंड की आपराधिक गतिविधियों में हाथ बंटाने लगी।

पुलिस ने बताया कि घटना से पहले नवसीरत ने मौके की रेकी की थी। वारदात के बाद वह कुछ दूरी पर खड़ी रही और फिर लूटी गई कार में जाकर बैठ गई, ताकि बदमाशों को जल्दी फरार होने में मदद मिल सके।

मुख्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी लवजीत और बमन सिंह पंजाब के रहने वाले हैं और उन पर पहले से आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस व हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दोनों इंदौर में कार लूटने में नाकाम रहे थे, जिसके बाद वे जयपुर आए और यहां लूट को अंजाम दिया।

वारदात के बाद दोनों जंगल की ओर भाग निकले, जबकि उनकी गर्लफ्रेंड कार में ही छूट गई। पुलिस अब दोनों की तलाश में जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Leave a comment