लखनऊ के आलमबाग स्थित रेलवे अस्पताल में सोमवार सुबह सर्वर रूम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए CCU में भर्ती 12 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह आलमबाग स्थित रेलवे अस्पताल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 5 बजे ग्राउंड फ्लोर पर बने सर्वर रूम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। धुआं अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में फैल गया, जिससे मरीजों का दम घुटने लगा। हालांकि अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
अस्पताल में धुआं फैलते ही मची अफरा-तफरी
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोमवार तड़के सर्वर रूम से अचानक आग की लपटें उठीं। वहां मौजूद विद्युत तार और उपकरण जलने लगे, जिससे घना धुआं फैल गया। कुछ ही मिनटों में अस्पताल के गलियारे और वार्डों में धुआं भर गया। मरीजों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर अलार्म बजा और सभी कर्मचारी सक्रिय हो गए। मौके पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सों ने सीसीयू (क्रिटिकल केयर यूनिट) में भर्ती 12 से अधिक मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से सुरक्षित वार्ड में शिफ्ट किया। सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
दमकल की तत्परता से एक घंटे में बुझी आग

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। तीन फायर टेंडर की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। फायर अधिकारियों ने बताया कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है।
आग से सर्वर रूम में रखा सारा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कंप्यूटर सिस्टम जलकर राख हो गया। फिलहाल अस्पताल की बिजली व्यवस्था अस्थायी रूप से जनरेटर से बहाल की गई है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी मरीज या कर्मचारी को गंभीर नुकसान नहीं हुआ है।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
रेलवे अस्पताल प्रशासन ने इस हादसे को गम्भीर मानते हुए घटना की जांच के आदेश दिए हैं। तकनीकी टीम यह पता लगाएगी कि शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ और फायर अलार्म सिस्टम ने कितनी देर में काम किया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने स्टाफ की तत्परता की सराहना की और कहा कि “सभी कर्मचारियों ने मिलकर स्थिति को संभाला और किसी भी मरीज की जान नहीं जाने दी।” वहीं, प्रशासन ने निर्देश दिया है कि अस्पताल में सभी फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच और सर्विसिंग तत्काल की जाए।












