मन की बात 129वां एपिसोड: पीएम मोदी ने गिनाईं 2025 की बड़ी उपलब्धियां

मन की बात 129वां एपिसोड: पीएम मोदी ने गिनाईं 2025 की बड़ी उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 129वें एपिसोड में 2025 की उपलब्धियों को याद किया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष, संस्कृति और युवा शक्ति का जिक्र करते हुए 2026 के लिए आत्मविश्वास भरा संदेश दिया।

Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 129वें एपिसोड के जरिए देश को संबोधित किया। यह वर्ष 2025 का आखिरी एपिसोड था। इस संबोधन में पीएम मोदी ने पूरे साल की उपलब्धियों को याद किया और आने वाले वर्ष 2026 की चुनौतियों, संभावनाओं और डेवलपमेंट पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में देश की सुरक्षा, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष, संस्कृति, युवा शक्ति और भाषाई एकता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

2025 की यादें

पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि कुछ ही दिनों में साल 2026 दस्तक देने वाला है और इस समय पूरे वर्ष 2025 की यादें मन में घूम रही हैं। उन्होंने कहा कि बीता साल कई ऐसे पलों से भरा रहा, जिन्होंने पूरे देश को एक साथ जोड़ दिया। 2025 ने भारत को ऐसे क्षण दिए, जिन पर हर भारतीय को गर्व महसूस हुआ। सुरक्षा से लेकर खेल तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर दुनिया के बड़े मंचों तक, भारत ने हर जगह अपनी मजबूत छाप छोड़ी।

पीएम ने कहा कि यह वर्ष सिर्फ उपलब्धियों का नहीं था, बल्कि आत्मविश्वास, एकता और राष्ट्रहित के लिए सामूहिक प्रयासों का भी प्रतीक रहा।

ऑपरेशन सिंदूर और राष्ट्रीय सुरक्षा का संदेश

पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस साल ऑपरेशन सिंदूर हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया। पूरी दुनिया ने देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान दुनिया के हर कोने से भारत माता के प्रति प्यार और भक्ति की तस्वीरें सामने आईं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भावना सिर्फ एक ऑपरेशन तक सीमित नहीं रही, बल्कि वही भावना तब भी दिखाई दी जब ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे हुए। यह देश की एकजुटता और राष्ट्रभक्ति की ताकत को दर्शाता है।

खेल जगत में भारत की ऐतिहासिक सफलता

मन की बात में पीएम मोदी ने खेलों में भारत की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि 2025 भारतीय खेल इतिहास के लिए खास रहा। पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जीतकर देश का मान बढ़ाया। महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप अपने नाम किया, जो भारतीय खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक पल रहा।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत की बेटियों ने विमेंस ब्लाइंड वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रचा। इसके साथ ही एशिया कप टी-20 में भी तिरंगा शान से लहराया। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां सिर्फ जीत नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं।

विज्ञान और अंतरिक्ष में भारत की बड़ी छलांग

पीएम मोदी ने विज्ञान और अंतरिक्ष (Science and Space) के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने इस क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है। शुभांशु शुक्ला इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (International Space Station) पहुंचने वाले पहले भारतीय बने, जो देश के लिए गर्व का विषय है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2025 में पर्यावरण सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी कई पहल भी शुरू हुईं। उन्होंने बताया कि भारत में अब चीतों की संख्या 30 से ज्यादा हो गई है, जो संरक्षण प्रयासों की सफलता को दिखाता है।

कुंभ आयोजन और सांस्कृतिक विरासत

इस साल की शुरुआत में हुए कुंभ के भव्य आयोजन का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस आयोजन ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। उन्होंने कहा कि 2025 में आस्था, संस्कृति और भारत की अनोखी विरासत एक साथ देखने को मिली।

प्रधानमंत्री ने कहा कि साल की शुरुआत में प्रयागराज महाकुंभ का आयोजन हुआ, जिसने वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया। साल के आखिर में अयोध्या में राम मंदिर में झंडा फहराने की सेरेमनी ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया।

युवाओं से संवाद

मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने युवाओं से जुड़े सवालों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कई युवा उनसे पूछते हैं कि वे अपने आइडिया का प्रेजेंटेशन उन्हें कैसे दे सकते हैं। युवाओं की इस जिज्ञासा का समाधान ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि अगले महीने 12 तारीख को स्वामी विवेकानंद की जयंती के मौके पर ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ मनाया जाएगा। उसी दिन ‘यंग लीडर्स डायलॉग’ भी आयोजित किया जाएगा और वे स्वयं इसमें हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इस इवेंट का बेसब्री से इंतजार है।

काशी तमिल संगमम

पीएम मोदी ने काशी तमिल संगमम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस साल वाराणसी में आयोजित ‘काशी तमिल संगमम’ के दौरान तमिल सीखने पर खास जोर दिया गया। ‘तमिल सीखो-तमिल करकलम’ थीम के तहत वाराणसी के 50 से ज्यादा स्कूलों में विशेष कैंपेन चलाए गए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिल भाषा दुनिया की सबसे पुरानी भाषाओं में से एक है। उन्हें खुशी है कि आज देश के दूसरे हिस्सों में भी युवाओं और बच्चों में तमिल भाषा के प्रति नया आकर्षण देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यही भाषा की ताकत है और यही भारत की एकता है।

मन की बात की निरंतर यात्रा

पीएम मोदी ने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले 30 नवंबर को मन की बात के 128वें एपिसोड का प्रसारण किया गया था। उस एपिसोड में उन्होंने अंतरिक्ष निर्माण से लेकर कृषि तक विभिन्न क्षेत्रों में हाल की उपलब्धियों का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि भारत के युवाओं की लगन ‘विकसित भारत’ की सबसे बड़ी शक्ति है।

2026 की ओर भारत का आत्मविश्वास

129वें एपिसोड में पीएम मोदी का संदेश साफ था कि 2025 की उपलब्धियां 2026 की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि देश ने जिस आत्मविश्वास और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना सीखा है, वही आने वाले समय में भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। प्रधानमंत्री ने हर नागरिक से अपील की कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।

Leave a comment