वाणी कपूर स्टारर 'मंडला मर्डर्स' इस वक्त ओटीटी की सबसे मच अवेटेड सीरीज मानी जा रही है। यह एक क्राइम ड्रामा, मिस्ट्री और थ्रिलर से भरपूर वेब सीरीज है, जिसका हाल ही में जबरदस्त ट्रेलर रिलीज हुआ है और दर्शकों से इसे बेहद अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
Mandala Murders Release Date: बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर जल्द ही एक बिल्कुल नए अवतार में दर्शकों के सामने आने वाली हैं। इस बार वाणी रोमांस या ग्लैमर नहीं, बल्कि एक सख्त इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर की भूमिका में नजर आएंगी, जो एक के बाद एक हो रही रहस्यमयी हत्याओं की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। वाणी कपूर स्टारर क्राइम मिस्ट्री थ्रिलर वेब सीरीज 'मंडला मर्डर्स' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस सीरीज को वाईआरएफ एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है और इसे गोपी पुथ्रन ने क्रिएट किया है। वहीं दर्शकों की उत्सुकता का जवाब अब साफ हो चुका है 'मंडला मर्डर्स' 25 जुलाई 2025 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जाएगी।
'मंडला मर्डर्स' का दमदार ट्रेलर हुआ रिलीज
हाल ही में रिलीज हुए 'मंडला मर्डर्स' के ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी वॉयस ओवर के साथ होती है, जिसमें कहा जाता है- चरणदासपुर, कहा जाता है कि यहां के जंगल में एक प्राचीन यंत्र है, जिसमें अपने अंगूठे की आहुति दो तो जो चाहे वरदान पा सकते हो। फिर आपकी कोई भी इच्छा पूरी हो सकती है। इस दिलचस्प पौराणिक संदर्भ के साथ ट्रेलर आगे बढ़ता है, जिसमें वाणी कपूर एसपी री थॉमस की भूमिका में नजर आती हैं।
वह अपनी टीम के साथ इन रहस्यमयी हत्याओं के पीछे के सच को खोजने के मिशन पर निकलती हैं। ट्रेलर में सुरवीन चावला भी नजर आती हैं, जो शायद एक राजनीतिक किरदार निभा रही हैं। वह कहती हैं, लोग और ऑफिसर दोनों मर रहे हैं, हमें पूरा हक है सवाल पूछने का। वहीं, वाणी कपूर का डायलॉग इस सस्पेंस को और गहरा करता है: केस जितना सीधा लगता था, उतना है नहीं।
जांच के दौरान वाणी को पता चलता है कि इन हत्याओं का कनेक्शन किसी गहरे 'मंडला' रहस्य से जुड़ा हुआ है और पांच और हत्याएं होना अभी बाकी हैं। ये हत्याएं महज मर्डर नहीं, बल्कि किसी रहस्यमयी 'आहुति' का हिस्सा हैं। क्या एसपी री थॉमस इन रहस्यमयी हत्याओं की गुत्थी सुलझा पाएंगी? इसका जवाब 'मंडला मर्डर्स' देखने के बाद ही मिलेगा।
नेटफ्लिक्स पर होगा प्रीमियर, जानें कब और कहां देखें
'मंडला मर्डर्स' का ट्रेलर सामने आने के बाद फैंस लगातार इसकी रिलीज डेट पूछ रहे थे। अब इसका जवाब नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया के जरिए दे दिया है। नेटफ्लिक्स ने लिखा: कुछ रहस्य विज्ञान और विश्वास से परे होते हैं। मोल चुकाने का समय आ गया है। देखिए **'मंडला मर्डर्स' 25 जुलाई को, सिर्फ नेटफ्लिक्स पर। यानि वाणी कपूर की ये थ्रिलर वेब सीरीज 25 जुलाई 2025 को दुनियाभर के दर्शक नेटफ्लिक्स पर देख सकेंगे।
'मंडला मर्डर्स' केवल मर्डर मिस्ट्री नहीं है, बल्कि इसमें रहस्य, विज्ञान, पौराणिक मान्यताएं और मनोवैज्ञानिक थ्रिल का जबरदस्त मिश्रण नजर आ रहा है। जंगलों में छुपे पुराने यंत्र और आहुति जैसे रहस्यों के साथ यह कहानी अपराध और अंधविश्वास के बीच उलझी नजर आती है। वाणी कपूर का किरदार एसपी री थॉमस न सिर्फ इन हत्याओं के पीछे के कातिल को खोज रही है, बल्कि मंडला जैसे अंधविश्वास के पीछे की कड़ियों को भी जोड़ रही है। ट्रेलर में दिखाए गए कुछ संवाद, रहस्यमयी लोकेशन और ताबीज, यंत्र जैसे तत्व इसे और भी दिलचस्प बना रहे हैं।
'मंडला मर्डर्स' स्टारकास्ट
इस वेब सीरीज में वाणी कपूर के साथ कई दमदार कलाकार नजर आएंगे। पूरी कास्ट इस प्रकार है:
- वाणी कपूर - एसपी री थॉमस (मुख्य भूमिका)
- सुरवीन चावला
- श्रिया पिलगांवकर
- वैभव राज गुप्ता
- सैमी जोनास हीनी
- जमील खान
- रघुबीर यादव
- एडवर्ड सोनेंब्लिक
- लविष्का गुप्ता
निर्देशक गोपी पुथ्रन इससे पहले 'मर्दानी 2' जैसी थ्रिलर फिल्म बना चुके हैं, इसलिए 'मंडला मर्डर्स' से भी गहन और सस्पेंस से भरी कहानी की उम्मीद की जा रही है।
वाईआरएफ एंटरटेनमेंट की पहली क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज
अब तक रोमांस और एक्शन फिल्मों के लिए मशहूर वाईआरएफ एंटरटेनमेंट इस वेब सीरीज के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कदम बढ़ा रहा है। 'मंडला मर्डर्स' उनकी पहली ऐसी वेब सीरीज है, जिसमें क्राइम, सस्पेंस और इन्वेस्टिगेशन को केंद्र में रखा गया है। कंपनी का मानना है कि इस शो के जरिए वह अपने कंटेंट को इंटरनेशनल दर्शकों के सामने नेक्स्ट लेवल पर ले जाने में सफल होगी।