मऊ जिले में आबकारी विभाग ने मुहम्मदाबाद गोहना में कम्पोजिट शॉप भुजई मोड़ पर छापेमारी की। दुकान में शराब में पानी मिलावट पाई गई। दो अधिकृत विक्रेताओं को गिरफ्तार कर लाइसेंस निरस्त कर दिया गया।
Uttar Pradesh: जिला आबकारी अधिकारी मोहम्मद असलम ने बताया कि आबकारी आयुक्त प्रयागराज और जिलाधिकारी के निर्देश पर 24 दिसंबर से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाना है। इसी अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र 3, मुहम्मदाबाद गोहना ने अपने क्षेत्र में सभी आबकारी दुकानों का निरीक्षण किया।
25 दिसंबर की सुबह 7:15 बजे निरीक्षण के दौरान कंपोजिट शॉप भुजई मोड़ की जांच की गई। दुकानदारों और अधिकृत विक्रेताओं की मौजूदगी में शराब की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। शराब की तीव्रता मापने के लिए अल्कोहलो मीटर का उपयोग किया गया।
जांच में पाया गया कि दुकान में रखी 27 अद्धा और 4 पौवा “आईकॉनिक” ब्रांड की शराब में पानी मिलाया गया था। शराब की तीव्रता मानक से कम थी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि शराब मिलावटी थी।
गिरफ्तारी और एफआईआर
दुकान का मालिक मुन्ना यादव, पुत्र सुक्खू यादव निवासी ग्राम पोस्ट चक भोपतपुर, और दुकान में मौजूद अधिकृत विक्रेता प्रदीप कुमार जायसवाल और देवशरण प्रसाद को गिरफ्तार किया गया।

दोनों विक्रेताओं को मिलावटी शराब और अन्य वैध शराब के साथ थाना मुहम्मदाबाद गोहना ले जाया गया। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एवं 72 और बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
दुकान के अंदर मौजूद सभी वैध शराब और मिश्रित माल को बोरियों में पैक कर सील करके थाने में जमा कर दिया गया। एक सैंपल को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया। इस कार्रवाई के बाद कंपोजिट शॉप भुजई मोड़ का लाइसेंस निलंबित और अंततः रद्द कर दिया गया।
विशेष अभियान के तहत निरंतर कार्रवाई
जिला आबकारी अधिकारी मोहम्मद असलम ने बताया कि यह कार्रवाई “विशेष प्रवर्तन अभियान” का हिस्सा है, जो अवैध शराब और मिलावटी शराब की तस्करी रोकने के लिए चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध बिक्री पर रोक लगाना है, बल्कि गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करना भी है।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस और आबकारी विभाग इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं देंगे। न केवल मालिकों बल्कि उनके सहयोगियों और विक्रेताओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।











