राजस्थान से सिरसा तक नशे का नेटवर्क, दो तस्करो को पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजस्थान से सिरसा तक नशे का नेटवर्क, दो तस्करो को पुलिस ने किया गिरफ्तार
AI IMAGE

डबवाली में एएनसी ने संगरिया रोड पर नाकेबंदी के दौरान दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 157 ग्राम 880 मिलीग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया।

Rajasthan: डबवाली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यह कार्रवाई संगरिया रोड, चौटाला क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए नाकेबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक संगरिया की ओर से आते दिखाई दिए।

पुलिस को देखकर दोनों युवकों ने अचानक बाइक रोक ली और पीछे मुड़ने की कोशिश करने लगे। उनका यह व्यवहार संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने तुरंत उन्हें घेरकर पकड़ लिया।

तलाशी में बरामद हुई अफीम

एएनसी प्रभारी एएसआई रणजोध सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवकों की पहचान मनोज कुमार निवासी लखुवाली (हनुमानगढ़, राजस्थान) और जोगिंदर सिंह निवासी लोंगेवाला के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद नियमानुसार एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों और उनकी मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 157 ग्राम 880 मिलीग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाना सदर डबवाली में उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।

ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन के तहत कार्रवाई

डबवाली पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन” के तहत की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे अफीम कहां से लाते थे और इसे किन लोगों तक सप्लाई करते थे।

अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करी के पूरे जाल को तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। किसी भी व्यक्ति को, जो इस अवैध कारोबार में शामिल है, छूट नहीं मिलेगी और नशा रोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a comment