युवती ने खुद को बालिग बताते हुए दिल्ली में शादी करने की बात कही है। वहीं पिता ने अपहरण का केस दर्ज कराया है। पुलिस अब उम्र, शादी और पूरे मामले की कानूनी जांच कर रही है।
Bihar: बिहार के मुंगेर जिले से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने दूसरे धर्म के युवक से शादी करने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी बात रखी। युवती ने वीडियो में कहा कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शादी की है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया गया और वह अपने फैसले से खुश है।
वीडियो सामने आते ही मामला चर्चा में आ गया और सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। इसी बीच युवती के परिवार ने इस शादी पर गंभीर सवाल खड़े किए और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
घर से निकलने के बाद नहीं लौटी युवती
जानकारी के अनुसार, युवती मुंगेर जिले के सफियाबाद (सफियासराय) थाना क्षेत्र की रहने वाली है। परिजनों का कहना है कि वह 29 दिसंबर 2025 को प्रैक्टिकल क्लास में जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।
जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो उन्हें पता चला कि गांव के ही पठानटोली निवासी मोहम्मद नियाज़ुल हक उसे अपने साथ ले गया है। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
युवती का दावा
1 जनवरी 2026 को युवती ने सिंदूर लगाए हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में उसने बताया कि उसने 30 दिसंबर को दिल्ली के तीस हजारी स्थित आर्य समाज वैदिक संस्कार ट्रस्ट में गवाहों की मौजूदगी में शादी की है।
युवती ने कहा कि वह बालिग है और उसने खुद यह फैसला लिया है। उसने यह भी कहा कि यह किसी तरह का जबरन धर्म परिवर्तन या बहला-फुसलाकर की गई शादी नहीं है। वीडियो में युवती ने पुलिस से अपील की कि उसके और उसके ससुराल पक्ष के खिलाफ कोई मामला दर्ज न किया जाए।
मां ने जताया बेटी की जान को खतरा

दूसरी ओर, युवती की मां रेनू देवी इस पूरे मामले को लेकर बेहद डरी और परेशान हैं। उन्होंने बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। मां का आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और उसकी जान को खतरा हो सकता है।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि दिल्ली में हाल के समय में सामने आए कुछ जघन्य अपराधों को देखकर उन्हें डर लग रहा है कि उनकी बेटी के साथ भी कुछ अनहोनी हो सकती है। मां ने प्रधानमंत्री और बिहार के उपमुख्यमंत्री से भी बेटी को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।
पिता ने दर्ज कराया अपहरण का मामला
युवती के पिता ने सफियासराय थाने में मोहम्मद नियाज़ुल हक समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज करवाई है। पिता का कहना है कि उनकी बेटी को धोखे से ले जाया गया है और शादी के नाम पर सच्चाई छुपाई गई है।
सफियासराय थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि युवती की उम्र क्या है और दिल्ली में हुई शादी के दस्तावेज कानूनी रूप से वैध हैं या नहीं।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस युवती के बयान, परिवार के आरोप और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
यह मामला अब व्यक्तिगत निर्णय, पारिवारिक आपत्ति और कानून के बीच संतुलन का विषय बन गया है, जिस पर सभी की नजर बनी हुई है।











