पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर 20–24 जुलाई को श्रीलंका दौरे पर जा रहे हैं। फाइव‑स्टार होटलों में ठहरेंगे और हेलिकॉप्टर से पर्यटन करेंगे। आर्थिक तंगी झेल रहा देश इस शाही यात्रा पर नाराज है।
PAK: पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर इस महीने श्रीलंका दौरे पर जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह दौरा कूटनीतिक से अधिक शाही है। प्राइवेट जेट, फाइव स्टार होटल और हेलिकॉप्टर से घूमने जैसी सुविधाएं शामिल होने की खबरें सामने आई हैं। वहीं पाकिस्तान गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। ऐसे में आम लोग सेना प्रमुख के इस दौरे पर सवाल उठा रहे हैं।
सेना प्रमुख के शाही प्लान पर विवाद
पाकिस्तान इस समय गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहा है। देश का विदेशी कर्ज 133 अरब डॉलर से अधिक हो चुका है। महंगाई चरम पर है और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। लोग सब्सिडी वाले राशन तक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसी बीच जनरल आसिम मुनीर का विदेश दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना प्रमुख 20 से 24 जुलाई तक श्रीलंका के दौरे पर रहेंगे। यह दौरा जहां एक ओर राजनयिक एजेंडे के तहत बताया जा रहा है, वहीं इसके भव्य प्रबंधों ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
प्राइवेट जेट से यात्रा, हेलिकॉप्टर से श्रीलंका भ्रमण
सूत्रों की मानें तो मुनीर स्पेशल एयरक्राफ्ट यानी प्राइवेट जेट से श्रीलंका जाएंगे। वहां उनके स्वागत के लिए बाइक एस्कॉर्ट्स और वीवीआईपी प्रोटोकॉल की व्यवस्था होगी। दौरे के दौरान वह श्रीलंका के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा हेलिकॉप्टर के ज़रिये करेंगे।
मुनीर सिगिरिया रॉक और एडम्स पीक जैसे प्रसिद्ध स्थलों पर भी जाएंगे। इन सभी व्यवस्थाओं ने इस यात्रा को एक सामान्य डिप्लोमैटिक विजिट के बजाय शाही छुट्टी में बदल दिया है।
फाइव स्टार होटल में रुकने की तैयारी
खबर है कि इस दौरान जनरल मुनीर कोलंबो के एक लग्जरी फाइव स्टार होटल में ठहरेंगे। यह वही पाकिस्तान है जहां सरकार ने आर्थिक हालात को देखते हुए अपने मंत्रियों तक को विदेश दौरों से रोक दिया है और सरकारी खर्चों में कटौती की बात कही है। ऐसे में सेना प्रमुख के लिए की गई यह शाही व्यवस्था जनता के गले नहीं उतर रही।
आम जनता में नाराजगी
पाकिस्तान की जनता इस दौरे को लेकर नाराज है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जब देश आर्थिक रूप से जूझ रहा है और आम लोगों को बेसिक ज़रूरतें भी पूरी नहीं हो रही हैं, तब सेना प्रमुख की इस तरह की यात्रा क्यों हो रही है।
पिछले कुछ समय में यह पहली बार नहीं है जब मुनीर के विदेशी दौरे विवादों में आए हों। इससे पहले अमेरिका यात्रा के दौरान भी ऐसी खबरें आई थीं कि उन्होंने वहां महंगे शॉपिंग मॉल्स में खरीदारी की थी, जिस पर जनता ने नाराजगी जताई थी।
मंत्रियों के विदेश दौरे पर रोक
पाकिस्तान सरकार ने हाल ही में वित्तीय संकट के चलते कैबिनेट मंत्रियों के विदेश दौरों पर रोक लगाई है। मंत्रियों को अब गैर जरूरी यात्रा और महंगे होटल में ठहरने की इजाजत नहीं है। लेकिन सेना प्रमुख पर ये नियम लागू नहीं होते। इसकी एक बड़ी वजह यह मानी जाती है कि पाकिस्तान की सत्ता संरचना में सेना का दबदबा हमेशा से रहा है।