Columbus

आज दिखेगा साल का अंतिम चंद्र ग्रहण, रात 5 घंटे तक दिखेगा अद्भुत नजारा

आज दिखेगा साल का अंतिम चंद्र ग्रहण, रात 5 घंटे तक दिखेगा अद्भुत नजारा

आज रात साल का अंतिम चंद्रग्रहण लगेगा जो 5 घंटे 27 मिनट तक चलेगा। चंद्रमा तीन बार रंग बदलेगा और लालिमा लिए ब्लड मून जैसा नजर आएगा। दिल्ली समेत कई शहरों में लोग इसे साफ देख पाएंगे।

Moon Lunar Eclipse 2025: रविवार की रात भारत समेत पूरी दुनिया के लिए खास खगोलीय घटना होने वाली है। साल का आखिरी चंद्र ग्रहण आज दिखाई देगा। इस दौरान चंद्रमा सामान्य धवल रंग से बदलकर लालिमा ओढ़ लेगा और अद्भुत नजारा पेश करेगा। इसे वैज्ञानिक भाषा में ब्लड मून (Blood Moon) भी कहा जाता है।

दिल्ली समेत कई शहरों में दिखेगा नजारा

दिल्ली में चंद्र ग्रहण रात 8 बजकर 58 मिनट पर शुरू होगा और देर रात 2 बजकर 25 मिनट तक चलेगा। यानी लोग पूरे 5 घंटे 27 मिनट तक इस खगोलीय घटना के साक्षी बन सकेंगे। दिल्ली के अलावा नैनीताल समेत कई शहरों में इस ग्रहण को देखने की खास तैयारी की गई है।

चंद्रमा कैसे बदलेगा रंग

खगोलविदों के अनुसार, चंद्र ग्रहण के दौरान चांद धीरे-धीरे कई रंगों में दिखाई देगा। शुरुआत में चांद का रंग हल्का धुंधला नजर आएगा। जैसे-जैसे पृथ्वी की छाया उस पर पड़ती जाएगी, वह पहले नारंगी और फिर गहरे लाल रंग में रंगा दिखेगा। इसके बाद पुनः नारंगी और फिर धुंधले रंग में दिखाई देगा।

ग्रहण का वैज्ञानिक कारण

पूर्ण चंद्र ग्रहण तब होता है जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीध में आ जाते हैं। उस समय सूर्य की रोशनी पृथ्वी के वायुमंडल से होकर गुजरती है। वायुमंडल नीली रोशनी को रोक देता है और लाल रोशनी को आगे भेजता है। यही वजह है कि ग्रहण के समय चंद्रमा लालिमा ओढ़ लेता है और उसे ब्लड मून कहा जाता है।

ग्रहण की टाइमिंग

  • ग्रहण की शुरुआत – रात 8:58 बजे
  • आंशिक ग्रहण – रात 9:57 बजे तक
  • पूर्ण ग्रहण – रात 11 बजे से
  • ग्रहण का चरम – मध्यरात्रि
  • ग्रहण समाप्त – रात 2:25 बजे

यह घटना चार उपछाया (penumbral) और आंशिक छाया (umbra) वाले चरणों से गुजरते हुए पूरी होगी।

सूर्योदय और सूर्यास्त जैसा नजारा

नैनीताल स्थित एरीज (Aryabhatta Research Institute of Observational Sciences) के वरिष्ठ खगोल विज्ञानी डॉ. शशिभूषण पांडे के अनुसार, पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्रमा ठीक वैसे ही नजर आएगा जैसा सूर्योदय या सूर्यास्त के समय होता है। उस समय का दृश्य बेहद आकर्षक होगा।

अगला पूर्ण चंद्र ग्रहण कब होगा

यह चंद्र ग्रहण साल 2025 का आखिरी है। अगला पूर्ण चंद्र ग्रहण अब दो मार्च 2026 को दिखाई देगा। उसके बाद 31 दिसंबर 2028, 25 जून 2029 और 25 अप्रैल 2032 को पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। यानी ऐसा अद्भुत नजारा देखने के लिए लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना होगा।

धार्मिक दृष्टि से महत्व

यह चंद्र ग्रहण भाद्रपद पूर्णिमा की रात पड़ रहा है। इसी दिन पितृपक्ष की शुरुआत होती है। पितरों की पूजा, तर्पण और अर्पण का विधान इसी दिन से शुरू होगा। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि श्राद्ध कर्म पर ग्रहण का सूतक प्रभावी नहीं होता।

सूतक का समय

ग्रहण का सूतक दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर शुरू हुआ। हालांकि काशी के विद्वान पंडितों का मानना है कि श्राद्ध कर्म पर इस सूतक का कोई असर नहीं होगा। यानी पितरों का तर्पण और पूजा-अर्चना सामान्य रूप से की जा सकती है।

Leave a comment